मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के मौके पर सीएम मोहन यादव आज मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम से 950 एमएसएमई इकाइयों को 490 करोड़ और 100 से अधिक स्टार्टअप को लगभग 1.50 करोड़ की सहायता राशि वितरित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप करेंगे।
सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री काश्यप ने बताया कि जिन इकाईयों को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है उनके द्वारा 7,000 करोड़ से अधिक का निवेश कर 17,000 से अधिक व्यक्तियों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान किया जा रहा है। मप्र एमएसएमई विकास नीति अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों की 950 से अधिक एमएसएमई को सिगंल क्लिक के माध्यम से 490 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि का वितरण किया जाएगा। स्टार्टअप नीति 2025 के अंतर्गत प्रदेश के 100 से अधिक स्टार्टअप को सिंगल क्लिक द्वारा लगभग 1.50 करोड़ सहायता दी जाएगी।
ये भी पढ़ें
एमएसएमई मंत्री काश्यप ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नवीन निवेश अनुकूल नीतियाँ लागू की गई हैं जिनके कारण प्रदेश में औद्योगीकरण को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदेश में पहली बार एमएसएमई इकाईयों को अनुदान समय पर वितरित किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में रूपये 1300 करोड़ का अनुदान वितरित किया गया था। वर्ष 2026-27 में रविवार को होने वाले वितरण को शामिल करते हुए 1085 करोड़ वितरित हो जायेगा। प्रदेश में 2,081 स्टार्टअप को भारत सरकार द्वारा अधिमान्यता प्रदान की गई हैं। वर्ष 2026-27 में 1,302 स्टार्टअप पंजीकृत हुए हैं।
हितग्राहियों को ऋण वितरण भी होगा
सीएम डॉ यादव उद्यमियों को भूमि आवंटन आशय पत्र और उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों को ऋण राशि भी वितरित करेंगे। इस दौरान 5 उद्यमियों को भूमि आवंटन के आशय पत्र प्रदान करने के साथ ही 4 उद्यमियों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अन्तर्गत ऋण राशि का चेक प्रदाय किया जाएगा। साथ ही सीएम 4 उद्योग संघ के प्रतिनिधियों, उद्यमियों और स्टार्टअप से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित कुछ लाभांवित उद्यमियों और स्टार्टअप द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए जाएगे।
