उज्जैन के होटल में मौत का चैंबर! सफाई करने उतरे 4 लोगों की मौत, बचाने पहुंचे 2 भी गंभीर

उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल का ओवरग्राउंड चैंबर साफ करने उतरे चार लोगों की जहरीली गैस और दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने कटर मशीन से गेट काटकर डेढ़ घंटे में रेस्क्यू किया, लेकिन किसी की जान नहीं बचाई जा सकी।
Ujjain

मध्य प्रदेश के उज्जैन में उज्जैन-देवास रोड पर स्थित ‘श्री गंगा होटल’ में ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई करने उतरे चार लोगों की मौत हो गई। रात के वक्त सफाई के दौरान चारों लोग एक के बाद एक चैंबर के भीतर फंसते चले गए। उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कटर मशीन से काटा गया चैंबर का गेट

घटना की खबर मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव काम शुरू किया। चैंबर का गेट खोलने में काफी दिक्कत आ रही थी, जिसके बाद पास में चल रहे काम से कटर मशीन मंगवाकर गेट कटवाया गया।

चैंबर के फर्श पर बहुत ज्यादा फिसलन होने की वजह से लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानी आई। करीब डेढ़ घंटे की भारी मशक्कत के बाद पुलिस की टीम चारों लोगों को बाहर निकालने में कामयाब हो सकी।

पुलिस ने 2 मिनट तक दिया CPR, पर नहीं बच सकी जान

चैंबर से बाहर निकाले जाने के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने चारों लोगों की सांसें वापस लाने के लिए उन्हें 2 मिनट से भी ज्यादा समय तक सीपीआर दिया। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद किसी भी शख्स की जान नहीं बचाई जा सकी। चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

घबराहट होने पर बाहर आया 5वां सफाईकर्मी

चारों लोगों के फंसने के बाद हेमराज नाम का पांचवां सफाईकर्मी भी चैंबर के अंदर गया था लेकिन घबराहट और बेहोशी महसूस होने पर वह समय रहते तुरंत बाहर आ गया। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी भी मौके पर पहुंचे और पूरी टीम को निर्देश दिए। बचाव काम के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हो गया, जिसका इलाज कराया जा रहा है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews