Hindi News

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ भोपाल में आज कांग्रेस की किसान महा चौपाल, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे होंगे शामिल, राजधानी में ट्रैफिक डायवर्ट, जानिए डिटेल्स

Written by:Shruty Kushwaha
Last Updated:
कांग्रेस इस आंदोलन के जरिए प्रस्तावित भारत–अमेरिका व्यापार समझौते के मुद्दे को किसानों के बीच प्रमुखता से उठाने जा रही है। बड़े नेताओं की मौजूदगी और भारी भीड़ की संभावना के कारण प्रशासन ने शहर में यातायात की विशेष व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन किया है, जिससे कार्यक्रम के दौरान सुचारू आवाजाही बनी रहे।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ भोपाल में आज कांग्रेस की किसान महा चौपाल, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे होंगे शामिल, राजधानी में ट्रैफिक डायवर्ट, जानिए डिटेल्स

Rahul Gandhi

अमेरिका के साथ भारत की प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस आज भोपाल में “किसान महा चौपाल” आयोजित कर रही है। राजधानी के अटल पथ स्थित जवाहर चौक क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मुख्य रूप से शामिल होंगे।

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार इस महाचौपाल में प्रदेशभर से पचास हजार से अधिक किसानों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है। कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी में है और भोपाल के बाद जम्मू-कश्मीर तथा राजस्थान में भी किसान महाचौपाल आयोजित की जाएगी।

भोपाल में कांग्रेस की किसान महाचौपाल आज

कांग्रेस द्वारा भोपाल में की जा रही किसान महा चौपाल में सम्मिलित होने राहुल गांधी आज दोपहर डेढ़ बजे भोपाल पहुंचेंगे और दोपहर 2 बजे से साढ़े 3 बजे तक किसान महाचौपाल में शामिल रहेंगे। इसके बाद वे शाम सवा चार बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राहुल गांधी से लगभग एक घंटे पहले भोपाल पहुंचेंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह महाचौपाल किसानों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के संभावित नुकसान को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

राजधानी में ट्रैफिक डायवर्जन लागू

जवाहर चौक पर आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए भोपाल में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ की संभावना को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 10 बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। कार्यक्रम स्थल जवाहर चौक पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

डिपो चौराहा से आने वाले वाहन पीएनटी या पॉलिटेक्निक चौराहे से होकर गुजर सकेंगे जबकि प्लेटिनम चौराहा से जवाहर चौक जाने वाले वाहनों को माता मंदिर या टीटी नगर मार्ग का उपयोग करना होगा। रंगमहल से आने वाले वाहनों को बाणगंगा या माता मंदिर की ओर मोड़ा जाएगा।

नीलबड़ से रोशनपुरा जाने वाले वाहन साक्षी ढाबा, केरवा और कलियासोत डैम रोड से होते हुए चूना भट्टी और चार इमली मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को पीएचक्यू, लिली टॉकीज, भारत टाकीज, हमीदिया रोड और लालघाटी मार्ग से जाने की सलाह दी गई है।

बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था

इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर से आने वाले वाहनों के लिए संभागवार पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। इंदौर-सीहोर मार्ग से आने वाले वाहनों की पार्किंग अटल पथ स्थित लाड़ली लक्ष्मी पार्क में रहेगी। नर्मदापुरम मार्ग से आने वाले वाहन मानसरोवर और माता मंदिर होते हुए अटल पथ पर पार्क किए जाएंगे।

रायसेन-सागर मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए टीटी नगर स्टेडियम के बाईं ओर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि ग्वालियर और राजगढ़ मार्ग से आने वाले वाहन वीआईपी रोड और पॉलिटेक्निक होते हुए टीटी नगर दशहरा मैदान में पार्क किए जाएंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews