Hindi News

देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट की जांच के आदेश, सीएम डॉ मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख आर्थिक सहायता घोषित की

Written by:Atul Saxena
Last Updated:
देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।
देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट की जांच के आदेश, सीएम डॉ मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख आर्थिक सहायता घोषित की

Dewas firecracker factory blast CM Dr. Mohan Yadav announced compensation

देवास जिले के टोंककला गांव में संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद वहां रहत एवं बचाव कार्य जारी है, अब तक ब्लास्ट में तीन श्रमिकों के मरने की खबर है वहीं 20 से अधिक श्रमिक घायल हैं, कलेक्टर सहित प्रशासनिक और पुलिस अमला बचाव दल के साथ फैक्ट्री पर मौजूद है, इस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गहरा दुःख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता घोषित की है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने X पर लिखा-  “देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।”

सीएम डॉ मोहन यादव ने घोषित की आर्थिक सहायता 

उन्होंने आगे लिखा- “मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं। बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”

चारों तरफ काला धुंआ और चीख पुकार 

उल्लेखनीय है कि आज सुबह एबी रोड स्थित टोंककला गांव में संचालित पटाखा फैक्ट्री में तेज धमाका हुआ और कुछ देर में ही फैक्ट्री में आग लग गई, आग इतनी भयानक थी कि आसपास के घरों की दीवारें हिल गई, शवों के अंग दूर दूर तक छिटक कर हवा में उछल गए, चरों तरफ चीख पुकार मच गई, सूचना पर पुलिस , प्रशासनिक अमला और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, कुछ घायल देवास अस्पताल में भर्ती कराये गये हैं वहीं गंभीर घायलों को इंदौर एम वाय अस्पताल रेफर किया गया है।

कलेक्टर पहुंचे घटना स्थल पर  

देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य का जायजा लिया , उन्होंने बताया कि जांच निर्देश दिए हैं। घटना में 3 श्रमिकों की दुःखद मृत्यु हुई। हादसे में 15 श्रमिक घायल हुए जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल देवास व एमव्हाय अस्पताल इंदौर रेफर किया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews