भोपाल में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की, इस दौरान कुल 45 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से क्रय-विक्रय
कार्रवाई जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम द्वारा गांधीनगर क्षेत्र में की गई। टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और अवैध गैस सिलेंडर रीफिलिंग से जुड़े स्थानों की जांच की। जांच के दौरान लीला श्याम मार्केट, सराफा बाजार स्थित आर.के. सेंट्रिंग सेंटर में राजू सबनानी के निवास स्थल से 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच में पाया गया कि यहां घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से क्रय-विक्रय किया जा रहा था।
इसके अलावा राधेश्याम होटल के संचालक राधेश्याम अहिरवार के यहां से 3 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 2 व्यावसायिक और 1 घरेलू सिलेंडर शामिल था। इन सिलेंडरों का उपयोग होटल में नाश्ता और भोजन बनाने में किया जा रहा था।
घरेलू व व्यावसायिक गैस का मिश्रित उपयोग
वहीं नौशाद नूडल पॉइंट से संचालक नौशाद अली के पास से 2 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए, जिनका उपयोग नूडल्स और चाउमीन बनाने में किया जा रहा था। खाद्य विभाग की टीम ने होटल देवश्री एंड भोजनालय से भी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए। यहां से 21 व्यावसायिक और 4 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। जांच में सामने आया कि होटल में नियमों के विपरीत गैस सिलेंडरों का अधिक मात्रा में भंडारण किया गया था और घरेलू व व्यावसायिक गैस का मिश्रित उपयोग किया जा रहा था।
45 गैस सिलेंडर जब्त
खाद्य विभाग के अनुसार विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 45 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि अवैध गैस भंडारण और उपयोग के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगी।
भोपाल से रवि कुमार की रिपोर्ट





