Hindi News

उमंग सिंघार ने पूछा ‘प्रदेश में सरकार चल रही है या अफसरों की मनमानी’, कैलाश विजयवर्गीय की वन विभाग से शिकायत पर कटाक्ष

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वन विभाग पर पौधारोपण अभियान में सहयोग न देने और पौधे समय पर उपलब्ध न कराने की बात कही है। उन्होंने भरे मंच पर ये मुद्दा उठाया जिसके बाद अब कांग्रेस ने अधिकारियों की मनमानी को लेकर सरकार को घेरा है
उमंग सिंघार ने पूछा ‘प्रदेश में सरकार चल रही है या अफसरों की मनमानी’, कैलाश विजयवर्गीय की वन विभाग से शिकायत पर कटाक्ष

Umang Singhar

नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वन विभाग पर पौधरोपण अभियान में सहयोग न करने और पौधे समय पर उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया है। इसे लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल किया है कि सरकार चल रही है या अफसरों की मनमानी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम और मंत्रियों की बात ठुकराना अब वन विभाग के अधिकारियों की आदत बन चुकी है। सिंघार ने कहा कि प्रदेश में अधिकारियों की मनमानी के आगे नेता ही नहीं, मंत्री भी बेबस हो गए हैं।

कैलाश विजयवर्गीय ने की अधिकारियों की शिकायत

इंदौर में प्रदेश के कैबनिेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के एक कार्यक्रम में वन विभाग पर पौधरोपण में अपेक्षित सहयोग न देने का आरोप लगाया। उन्होंने मंच से सीएम डॉ. मोहन यादव को संबोधित करते हुए कहा कि वन विभाग का जितना सहयोग मिलना चाहिए था उतना मिला नहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि अपनी विदेश यात्रा से पहले वो वन विभाग को निर्देश देकर ज़रूर जाएं।

उमंग सिंघार ने साधा निशाना

इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि वन विभाग न मंत्री की सुनता है, न मुख्यमंत्री की। उन्होंने कहा कि ‘मंत्री विजयवर्गीय जी मंच से खुद कह रहे हैं वन विभाग से पौधे तक समय पर नहीं मिलते। मुख्यमंत्री जी के आदेशों के बावजूद भी वन विभाग ने आदिवासियों के घरों पर कार्रवाई की। सवाल यह है कि- क्या प्रदेश में सरकार चल रही है या अफसरों की मनमानी? मुख्यमंत्री और मंत्रियों की बात ठुकराना जैसे अब वन विभाग के अधिकारियों की आदत बन चुकी है। आख़िर कब तक चलेगी वन विभाग के अफसरों की मनमानी?’ इस तरह कांग्रेस ने अधिकारियों की मनमानी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !