MP Breaking News

Ladli Behna Yojana: 13 सितंबर को आएगी 40वीं किस्त, CM मोहन यादव आगर मालवा से 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में भेजेंगे 1,835 करोड़ रुपये

सितंबर की किस्त में पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1,500 रुपये; 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 महिलाओं के खातों में ट्रांसफर होंगे ₹1,835.09 करोड़, योजना की शुरुआत से नियमित सहायता का आंकड़ा ₹65 हजार करोड़ के पार
Ladli Behna Yojana

भोपाल: मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा लाड़ली बहनों के लिए सितंबर की किस्त का इंतजार रविवार को खत्म होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।

सितंबर की किस्त में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से आर्थिक सहायता मिलेगी। इस भुगतान के बाद योजना शुरू होने से अब तक नियमित मासिक सहायता के रूप में महिलाओं के खातों में पहुंची कुल राशि बढ़कर 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।

₹1,000 से शुरू हुई थी योजना, अब मिल रहे ₹1,500

लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 में राशि 250 रुपये बढ़ाकर 1,250 रुपये की गई और नवंबर 2025 से इसमें फिर 250 रुपये की बढ़ोतरी के बाद मासिक सहायता 1,500 रुपये हो गई।

योजना में उन पात्र महिलाओं के लिए भी व्यवस्था है, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत हर महीने 900 रुपये मिलते हैं। ऐसी महिलाओं को प्रावधान के मुताबिक अंतर की राशि दी जा रही है।

अब तक मिल चुकी हैं 39 नियमित किस्तें

जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान हो चुका है। 13 सितंबर को मिलने वाली राशि 40वीं किस्त होगी। इसके अलावा अगस्त 2023, 2024, 2025 और 2026 में रक्षाबंधन के मौके पर लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई।

जून 2023 से अगस्त 2026 तक नियमित किस्तों के जरिए 63,560.90 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में पहुंच चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक योजना पर 11,300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि पूरे वित्तीय वर्ष के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

आगर मालवा को विकास कार्यों की भी सौगात

लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा में विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। मुख्यमंत्री 225.95 करोड़ रुपये के 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 28.14 करोड़ रुपये के 17 कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
Ladli Behna Yojana: 13 सितंबर को आएगी 40वीं किस्त, CM मोहन यादव आगर मालवा से 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में भेजेंगे 1,835 करोड़ रुपये - MP Breaking News