MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

मध्यप्रदेश ताप बिजली घरों में कोयले की कमी का दावा, उमंग सिंघार का हमला, बोले- सरकार अपने प्रचार की चकाचौंध में गुम

मध्यप्रदेश में ताप बिजली घरों में कोयले का स्टॉक घटकर 4.04 लाख मीट्रिक टन यानी करीब छह दिन का रह जाने का दावा है। इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधते हुए रबी सीजन और नवरात्रि से पहले किसानों के लिए पर्याप्त बिजली सुनिश्चित करने की मांग की है।
Umang Singhar

देश में अब नवरात्रि को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं लेकिन त्योहार से पहले ही मध्यप्रदेश के लोगों, खासकर किसानों की चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आ गई है। दावा किया जा रहा है कि राज्य में ताप बिजली घरों में कोयले का स्टॉक घटकर करीब 4.04 लाख मीट्रिक टन रह गया है। यह इतना कम स्टॉक है कि राज्य में मौजूदा खपत के अनुसार सिर्फ 6 दिन ही काम चल पाएगा।

बता दें कि राज्य में कई इलाके ऐसे में हैं जहां काफी कम बारिश हुई है। जिसके कारण खेतों सिंचाई का काम भी जारी है। ऐसे में ताप बिजली घरों में कोयले का स्टॉक की कमी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं, कोयले के कम स्टॉक के दावे को लेकर अब प्रदेश में सियासी बवाल शुरू हो गया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस मुद्दे को लेकर मोहन सरकार पर हमला बोला है।

कोयले के स्टॉक को लेकर उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा

उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि मध्यप्रदेश में बिजली संकट की आहट साफ सुनाई दे रही है लेकिन सरकार अपने प्रचार की चकाचौंध में गुम है। ताप बिजली घरों में कोयले का स्टॉक घटकर सिर्फ 4.04 लाख मीट्रिक टन यानी करीब छह दिन का रह गया है। प्रमुख ताप बिजली घरों का उत्पादन भी 1088.4 मेगावाट से घटकर 404.2 मेगावाट तक आ गया है।

सरकार के 24 घंटे बिजली के दावे पर उमंग सिंघार का तंज

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आगे रबी का सीजन है। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की जरूरत बढ़ेगी और नवरात्रि के दौरान घरेलू बिजली की खपत भी बढ़ेगी। ऐसे समय में मध्यप्रदेश के पास पर्याप्त कोयला तक नहीं है। उमंग सिंघार ने सीएम डॉ. मोहन यादव से कहा कि 24 घंटे बिजली का ढोल पीटना बंद करिए और किसानों के लिए बिजली सुनिश्चित करिए। जनता को उजाले के वादे मिले थे लेकिन सरकार ने संकट का अंधेरा तैयार कर दिया है।

गौरतलब है कि राज्य में बिजली उत्पादन का करीब 83 प्रतिशत आधार कोयला है जबकि पानी से लगभग 17 प्रतिशत बिजली का उत्पादन होता है। दोनों स्रोतों से बिजली उत्पादन की कुल क्षमता 5498.53 मेगावाट है। इसमें ताप बिजलीघरों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है। सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट प्रदेश का सबसे बड़ा ताप बिजलीघर है जिसकी क्षमता अकेले 2520 मेगावाट है। ऐसे में ताप बिजलीघरों में कोयले के स्टॉक में कमी के दावे ने प्रदेश की जनता की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में नवरात्रि और दीपावली जैसे बड़े त्योहार भी हैं। इन त्योहारों के दौरान बिजली की खपत बढ़ने की संभावना रहती है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
मध्यप्रदेश ताप बिजली घरों में कोयले की कमी का दावा, उमंग सिंघार का हमला, बोले- सरकार अपने प्रचार की चकाचौंध में गुम - MP Breaking News