नक्सली मुठभेड़ में पिछले दिनों शहीद हुए इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के भाई को मध्य प्रदेश सरकार उप निरीक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देगी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंगलवार को आयोजित हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया है, सरकार ने परिजनों के लिए 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत करने का फैसला किया है।
नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस-नक्सल मुठभेड़ में 19 नवम्बर 2025 को वीरगति को प्राप्त हुए निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) आशीष शर्मा (हॉक फोर्स बालाघाट) के परिजन को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति सरकार ने प्रदान की है। साथ ही उनके छोटे भाई अंकित शर्मा को जिला पुलिस बल में उप निरीक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किये जाने का निर्णय लिया गया है।
राष्ट्रपति से 2 बार मिला था वीरता पदक
शहीद निरीक्षक आशीष शर्मा एक होनहार, प्रतिभाशाली और साहसी अधिकारी थे। उन्हें 2 बार राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। इसके पहले वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री के द्वारा आंतरिक सेवा पदक और 2023 में दुर्गम सेवा पदक प्रदान किया गया था। साथ ही राज्य शासन द्वारा वर्ष 2023 मे आउट ऑफ प्रमोशन दिया गया।
सीएम ने गाँव पहुंचकर परिजनों को बंधाया था ढांढस
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 20 नवंबर को आशीष शर्मा के पैतृक गांव बोहानी, नरसिंहपुर पहुँचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया था। सीएम ने कहा था दुःख की इस घड़ी में पूरा मध्य प्रदेश परिजनों के साथ खड़ा है। उनके शौर्य और बलिदान की गौरवगाथा सदैव स्मरणीय रहेगी। मुख्यमंत्री ने यहाँ घोषणा की थी कि आशीष शर्मा की स्मृति में गाँव में एक पार्क और एक स्टेडियम बनाया जाएगा, उनके छोटे भाई को सब-इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति दी जाएगी।





