Hindi News

MP में अब तक 27063 किसानों से 47493 टन सोयाबीन की खरीद, भावांतर योजना में 936352 किसानों ने कराया पंजीयन

Written by:Atul Saxena
Published:
कृषि मंत्री ने कहा है कि भावांतर योजना के अंतर्गत समर्थन मूल्य तथा मॉडल प्राईस की भावांतर की राशि का भुगतान भारत सरकार/राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा। मंडी समिति में किसानों द्वारा अपनी सोयाबीन उपज नीलामी किये जाने के बाद व्यापारी द्वारा राशि का भुगतान उसी दिन किसान को किया जायेगा।
MP में अब तक 27063 किसानों से 47493 टन सोयाबीन की खरीद, भावांतर योजना में 936352 किसानों ने कराया पंजीयन

Soybean CM Mohan Yadav

मध्य प्रदेश में सोयाबीन में भावांतर योजना लागू होने के बाद से उपार्जन केंद्रों पर सोयाबीन की आवक बढ़ गई है, किसान अपनी उपज लेकर पहुंच रहे हैं, उन्हें भरोसा है कि सरकार उन्हें उनकी उपज का मूल्य देगी, बता दें अब तक 27 हजार से ज्यादा किसान अपनी उपज बेच चुके हैं।

प्रदेश में सोयाबीन का उपार्जन 24 अक्टूबर से प्रारंभ हुआ है जो 15 जनवरी 2026 तक जारी रहेगा। अभी तक 27 हजार 63 किसानों से 47 हजार 493 टन सोयाबीन खरीदी गई है। उल्लेखनीय है कि सोयाबीन फसल के लिए लागू की गई भावांतर योजना में 9 लाख 36 हजार 352 किसानों ने पंजीयन कराया है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दिए हैं ये निर्देश 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अतिवृष्टि से ख़राब हुई सोयाबीन की फसल के पूरे दाम किसानों को मिलें इसलिए इसमें भावांतर योजना लागू की है जिसके बाद किसानों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया, डॉ मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के किसानों के हित में भावांतर योजना प्रारंभ की गई है। प्रदेश में कुल 9.36 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन करवाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना की संपूर्ण प्रक्रिया में किसानों को कोई असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। भावान्तर योजना लागू होने के बाद से उपार्जन केंद्रों पर सोयाबीन की आवक बढ़ गई है, और तेजी से खरीदी जारी है।

मंडियों में सोयाबीन के पहुँचने का सिलसिला जारी 

मंगलवार 28 अक्टूबर को 10 हजार 851 किसानों से 19 हजार 191 टन सोयाबीन की खरीदी हुई। कृषि उपज मंडी देवास में सर्वाधिक 1699, इंदौर में 1579, उज्जैन में 1538, गंजबासौदा में 1283, बैरसिया में 1154, आगर में 1085, आष्टा में 1061, शाजापुर में 1053, तराना में 1040 एवं सागर मंडी में 962 टन सोयाबीन की खरीदी हुई। इसी प्रकार सर्वाधिक किसानों के पहुँचने की टॉप मंडियों में गंजबासौदा मंडी में 1254, देवास में 1182, उज्जैन में 1106, आष्टा में 1075, बैरसिया में 900, आगर में 891, इंदौर में 795, शाजापुर में 787, सीहोर में 741 एवं नरसिंहगढ़ मंडी में 701 किसान सोयाबीन की विक्री के लिए पहुँचे। मंडी बड़नगर जिला उज्जैन में अधिकतम भाव 5725 रूपये प्रति क्विंटल रहा।

सोयाबीन खरीदी के प्रथम मॉडल भाव की घोषणा 7 नवंबर

प्रदेश में सोयाबीन की बुवाई का रकवा गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 58.72 लाख हेक्टेयर था जो वर्तमान में 53.20 लाख हेक्टेयर है। इस वर्ष 2025-26 में 55.54 लाख मीट्रिक टन सोयाबीन का उत्पादन हुआ है। भावांतर योजनांतर्गत 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक पंजीयन हुए थे। सोयाबीन खरीदी के प्रथम मॉडल भाव की घोषणा 7 नवंबर 2025 को की जाएगी।

ये कहना है कृषि मंत्री कंषाना का 

मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया है कि कृषि विभाग द्वारा केन्द्र सरकार को 26 लाख 49 हजार मीट्रिक टन का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे भारत सरकार द्वारा यथावत स्वीकृत करने की सहमति व्यक्त की गई है। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार माना है, कृषि मंत्री ने कहा कि जब मण्डियों एवं बाजारों में किसानों को उनकी फसल का मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य से ना मिले ये सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने भावांतर योजना लागू की है। इस वर्ष खरीफ-2025 में सोयाबीन का मण्डी भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम है इसलिये किसानों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिये मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रदेश में भावांतर योजना लागू की गई, ताकि किसानों को किसी प्रकार की हानि न हो और उन्हें उपज का वाजिब दाम प्राप्त हो सके।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews