मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत करीब 32,000 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के नेतृत्व में यह आंदोलन अब और उग्र रूप लेने जा रहा है। अपनी मांगों के समर्थन में 25 मई से चरणबद्ध आंदोलन कर रहे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अब 8 जून को मुख्यमंत्री आवास घेरने की तैयारी में हैं।
बुधवार (3 जून 2026) को भोपाल स्थित जेपी अस्पताल के बाहर संविदाकर्मियों ने धरना देकर शासन के खिलाफ विरोध जताया। संविदाकर्मियों का कहना है कि 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक संविदा नीति बनाई थी जिसे सामान्य प्रशासन विभाग ने भी मंजूरी दी थी, जो सभी विभागों में कार्यरत संविदाकर्मियों के लिए लागू होनी थी लेकिन अबतक इसे प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो अगले हफ्ते मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
NHM संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
- सभी संविदा कर्मचारियों को स्थायी (नियमित) किया जाए।
- सामान्य प्रशासन विभाग की नीति 2023 के अनुसार न्यू पेंशन स्कीम (NPS) और हेल्थ इंश्योरेंस लागू किया जाए।
- अन्य राज्यों की तरह हर वर्ष 10 प्रतिशत वेतन बढ़ाया जाए।
- नियमित कर्मचारियों की तरह महंगाई भत्ता दिया जाए।
- सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों सहित अन्य पदों के वेतन में उचित संशोधन और
- पूर्व की तरह इंक्रीमेंट दिया जाए।
- वेतन विसंगतियां दूर की जाए।
- संविदा कर्मचारियों को भी नियमित कर्मचारियों के समान अवकाश का लाभ दिया जाए।
- समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए।






