भोपाल| शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के ‘टाइगर अभी जिन्दा है’ वाले बयान से सियासत गरमाई हुई है| कांग्रेस इसको लेकर भाजपा पर निशाना साध रही है| इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सिंधिया के बयान पर तंज कसते हुए कहा मंत्रिमंडल गठन ने न जाने कितने टाइगर जिन्दा कर दिए| उनके इस ट्वीट पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जवाब दिया है|
दरअसल, दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा ‘समय बड़ा बलवान। भाजपा का भविष्य!! ना जाने इस मंत्रीमंडल गठन ने कितने भाजपा के “टाइगर” ज़िंदा कर दिये। देखते जाइये’। दिग्विजय के इस ट्वीट पर पलटवार करते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी ट्वीट किया| उन्होंने लिखा ‘आप बिल्कुल सही कह रहे हैं..भाजपा ज़िंदा टाइगरों की पार्टी है..देखा ही होगा आपने कैसे पाकिस्तान को सबक सिखाया और आज भी हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत-चीन LAC पर सेना के वीर जवानों के बीच खड़े हैं’।
गौरतलब है कि राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद पहली बार भोपाल पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद लगातार कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कह रहे हैं कि ‘टाइगर अभी जिन्दा है’| मीडिया से चर्चा के दौरान और भाजपा कार्यालय में भी उन्होंने इस बयान को दोहराया| सिंधिया के इस बयान से सियासत गरमाई हुई है और कांग्रेस निशाना साध रही है| यही बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कई बार कहते रहे हैं|
आप बिल्कुल सही कह रहे हैं..भाजपा ज़िंदा टाइगरों की पार्टी है..देखा ही होगा आपने कैसे पाकिस्तान को सबक सिखाया और आज भी हमारे प्रधानमंत्री @narendramodi भारत-चीन LAC पर सेना के वीर जवानों के बीच खड़े हैं।@BJP4MP @JM_Scindia @INCMP @OfficeOfKNath https://t.co/RhIbTj9Enq
— Dr Narottam Mishra (Modi Ka Parivar) (@drnarottammisra) July 3, 2020






