चक्रवातीय परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्य प्रदेश में एकदम से मौसम बदल गया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के आधे हिस्से में मेघगर्जन, तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। कई जिलों में खेतों में खड़ी फसलें आड़ी हो गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि राज्य सरकार ने हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
मौसम विभाग ने 23-24 फरवरी को फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल 2-3 दिन बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। आज शुक्रवार को राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, दतिया, भिंड, मुरैना और शिवपुरी में बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। ग्वालियर, सागर, रीवा में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में इन जिलों में हुई बारिश
चक्रवातीय परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार-गुरुवार (18-19 फरवरी) को प्रदेश के धार, श्योपुर, शिवपुरी, इंदौर, आगर-मालवा, उज्जैन, राजगढ़, खरगोन, मुरैना, सीहोर, दतिया, ग्वालियर, भोपाल, गुना, रतलाम, बड़वानी, मंदसौर, शाजापुर, देवास, विदिशा, अशोकनगर, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर में बारिश हुई। उज्जैन, मंदसौर समेत कई जिलों में ओले भी गिरे। श्योपुर में तो आंधी की रफ्तार 63 किमी प्रति घंटा रही।
खजुराहो में पारा 9.2 °C, खंडवा में 34.1 °C पहुंचा
- गुरुवार (19 फरवरी 2026) को खजुराहो (छतरपुर) में 9.2 °C, कल्याणपुर (शहडोल) में 9.4 °C, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 10.2 °C, रीवा में 10.6 °C और राजगढ़ में 10 °C दर्ज किया गया।
- खंडवा में 34.1 °C, खरगौन व नर्मदापुरम में 33.8 °C, तालुन (बड़वानी) में 33 °C, धार में 32.6 °C और मंडला में 32 °C रिकॉर्ड किया गया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ।
23-24 फरवरी को फिर बारिश का अलर्ट
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण और एक ट्रफ़ सक्रिय है। उत्तर-पूर्वी भारत के ऊपर लगभग 213 किमी प्रति घंटा की गति से माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊंचाई पर पछुआ जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 22 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। 21 से 22 फरवरी को मौसम साफ रह सकता है, हालांकि बादल छाए रहेंगे, लेकिन 23-24 फरवरी को फिर बारिश की संभावना जताई गई है।
कृषि मंत्री बोले-राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी
कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि किसी भी किसान को नुकसान की स्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। हाल ही में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हुई वर्षा एवं ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के नुकसान की राहत राशि देने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा। जिन-जिन जिलों में वर्षा और ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई हैं, वहां तत्काल प्रभाव से जांच के आदेश दे दिए गए हैं, ताकि प्रभावित किसानों को राहत राशि का भुगतान समय पर किया जा सके।
MP Weather Forecast Report







