उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को साधने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब विदेशी धरती पर निवेशकों को आमंत्रित करेंगे। सीएम योगी 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान की चार दिवसीय यात्रा पर निकलेंगे, जहां उनका फोकस बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने पर होगा। इस यात्रा के दौरान उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहेगा।
यह दौरा यूपी के आर्थिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीएम योगी 23 और 24 फरवरी को सिंगापुर में रहेंगे, जबकि 25 और 26 फरवरी को उनका जापान में कार्यक्रम निर्धारित है।
कौन-कौन है प्रतिनिधिमंडल में शामिल?
मुख्यमंत्री की इस अहम यात्रा में उनके साथ 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी रवाना होगा। इसमें प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और मुख्यमंत्री के ओएसडी आरबीएस रावत जैसे प्रमुख लोग शामिल हैं। इनके अलावा, विशेष सचिव अमित सिंह, आईएएस दीपक कुमार, श्रम विभाग के प्रमुख सचिव, आईटी विभाग के प्रमुख सचिव, पर्यटन के प्रमुख सचिव, सीईओ इन्वेस्ट यूपी और निदेशक नेडा भी इस दल का हिस्सा हैं।
निवेशकों और भारतीय समुदाय पर फोकस
अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों देशों में निवेशकों के साथ बैठकें करेंगे और रोड शो में हिस्सा लेंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा, फिनटेक और लॉजिस्टिक्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के अवसरों को प्रस्तुत करना है।
इसके अलावा, सीएम योगी सिंगापुर और जापान में बसे भारतीय मूल के लोगों से भी संवाद करेंगे। 23 फरवरी को सिंगापुर और 25 फरवरी को जापान में विशेष कम्यूनिटी इवेंट का आयोजन किया गया है, जहां वह प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे और उन्हें उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों से मुलाकात संभव
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सिंगापुर में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गृह मंत्री और विदेश मंत्री से मुलाकात की संभावना है। वहीं, जापान में उनकी मुलाकात यामानाशी के गवर्नर से हो सकती है। इन बैठकों के जरिए द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और निवेश के लिए एक अनुकूल माहौल बनाने पर जोर दिया जाएगा। एक दिलचस्प बात यह भी है कि सीएम योगी अपने इस विदेश दौरे पर भी अपने पारंपरिक भगवा वस्त्रों में ही दिखाई देंगे।






