Hindi News

गूंजे फाग गीत, पुलिस बैंड ने दी उम्दा प्रस्तुति, ढोल की थाप पर थिरके पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, जमकर उड़े रंग-गुलाल

Written by:Sushma Bhardwaj
Published:
डीजीपी कैलाश मकवाणा ने सभी पुलिस अधिकारियों, जवानों, समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और सभी उपस्थितजन को होली की शुभकामनाएं दी।
गूंजे फाग गीत, पुलिस बैंड ने दी उम्दा प्रस्तुति, ढोल की थाप पर थिरके पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, जमकर उड़े रंग-गुलाल

Police celebrated Holi in Bhopal.

भोपाल में पुलिसकर्मियों द्वारा रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर के लाल परेड मैदान स्थित कबड्‌डी ग्राउंड में 06 मार्च शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय के होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दी।

ईमानदारी और लगन से करते रहें उत्कृष्ट कार्य :- डीजीपी

डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने सभी पुलिस अधिकारियों, जवानों, समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और सभी उपस्थितजन को होली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न इकाइयों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां अत्यंत सुंदर और सराहनीय रही हैं। उन्होंने कहा कि होली बुराई पर भलाई की जीत का प्रतीक पर्व है। पुलिसकर्मियों को विभिन्‍न बुराइयों से दूर रहना चाहिए, जिसमें नशा भी शामिल है, इसलिये सभी पुलिसकर्मी नशे से दूर रहें, क्‍योंकि नशा व्यक्ति के परिवार और कैरियर दोनों को नुकसान पहुंचा सकता है।

DGP कैलाश मकवाना का संदेश 

डीजीपी ने कहा कि पहले सीमित संसाधन होते थे, जबकि आज आवास, वाहन और उपकरण जैसी सुविधाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने वर्ष 2025 में विभाग की उपलब्धियों, फील्ड इकाइयों को पुलिस मुख्यालय के सहयोग तथा बटालियनों की भूमिका का उल्लेख करते हुए प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने की सफलता पर सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और होली की शुभकामनाएं देते हुए पूरी लगन, ईमानदारी और प्रतिबद्धता से कार्य करते रहने का आह्वान किया।

सुमधुर फाग गीतों ने बांधा समां

मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों की टीमों ने पारंपरिक फाग एवं होली गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में 25वीं वाहिनी एसटीएफ की टीम ने “ब्रज ले चलो श्याम”, 7वीं वाहिनी भोपाल की टीम ने “नहीं आए श्याम खेलन होरी”, रेडियो मुख्यालय की टीम ने “मेरी चुनरी में पड़ गयो दाग री कैसा चटक रंग डारो”, पुलिस वेलफेयर पुलिस मुख्यालय की टीम ने “मुझे अपने रंग में ही रंग ले”, 23वीं वाहिनी भोपाल की टीम ने “घर आ जइयो खेलेंगे फाग कन्हैया”, मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी की टीम ने “रंग भरके घालत पिचकारी”, एजेके शाखा पुलिस मुख्यालय की टीम ने “होरी खेलो आज मोसे नंदलाला” तथा सीआईडी पुलिस मुख्यालय की टीम ने “होरी के हीरा हीराने” गीत पर प्रस्तुति से समारोह को उत्साहपूर्ण बनाया। कार्यक्रम के अंत में 7वीं वाहिनी पुलिस बैंड द्वारा “रंग बरसे भीगे चुनर वाली” की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण होली के रंगों और उल्लास से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस महानिदेशक ने सभी टीमों की सराहना करते हुए उन्हें उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कृत किया।

 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews