MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

इंदौर की तर्ज पर भोपाल को नशा और भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने की तैयारी, कलेक्टर ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

भोपाल को इंदौर की तर्ज पर भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने ‘भिक्षावृत्ति मुक्त भोपाल’ और ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान की समीक्षा की एवं अधिकारियों को ​अहम निर्देश दिए।
Bhopal News

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल को भी इंदौर की तरह अब ‘भिक्षावृत्ति मुक्त’ बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इस संबंध में गुरुवार को भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों के साथ ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘भिक्षावृत्ति मुक्त भोपाल अभियान’ की समीक्षा की। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि इंदौर जैसा मॉडल भोपाल में लागू करेंगे। रेस्क्यू के साथ पुनर्वास पर भी जोर रहेगा।

बता दें कि कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जिला ड्रग डिमांड रिडक्शन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे से प्रभावित हॉट-स्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित करने के साथ-साथ स्कूलों और महाविद्यालयों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सूक्ष्म स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कहा कि वे स्वयं और संबंधित अधिकारी विभिन्न संस्थाओं में आयोजित होने वाले नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल होंगे। युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रमों के साथ संकल्प दौड़ का आयोजन किया जा रहा है।

सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय

कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि ड्रग्स या अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को बिना किसी भय के प्रशासन के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नागरिक टोल-फ्री नंबर 1933 या ncbmanas.gov.in पोर्टल के माध्यम से सूचना दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews