भोपाल| मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में लम्बी कवायद के बाद आखिरकार गुरूवार को मंत्रिमंडल विस्तार (Cabinet Expansion) होने जा रहा है प्रदेश की प्रभारी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल नये सदस्यों को मंत्री पद की शपथ दिलायेंगी। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) कल सुबह 10:00 बजे विशेष वायुयान से भोपाल (Bhopal) पहुंचेंगे। इससे पहले बार बार कैबिनेट विस्तार टलने के साथ ही सिंधिया का दौर भी टलता रहा है|
सिंधिया ने ट्वीट कर कहा ‘दो दिवसीय दौरे पर कल भोपाल पहुंच रहा हूं। प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम में उपस्थित होने के बाद, कार्यकर्ताओं से मुलाकात करूंगा’। जानकारी के मुताबिक सिंधिया भोपाल पहुँचने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में कुछ वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। सादे समारोह में भाग लेने के बाद सिंधिया मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल होंगे। शपथ ग्रहण में शामिल होने के बाद सिंधिया कई अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करने के साथ ही रात्रि विश्राम भोपाल में करेंगे । वे अगले दिन 3 जुलाई को भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के उपरांत शाम को वापस दिल्ली लौट जायेंगे।
दो दिवसीय दौरे पर कल भोपाल पहुंच रहा हूं। प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम में उपस्थित होने के बाद, कार्यकर्ताओं से मुलाकात करूंगा।
— Jyotiraditya M. Scindia (मोदी का परिवार) (@JM_Scindia) July 1, 2020
ग्वालियर चंबल के नेताओं की सदस्यता अगले दौरे में
जानकारी के मुताबिक भोपाल में श्री सिंधिया ग्वालियर चंबल संभाग के कांग्रेस नेताओं के अलावा अन्य जिलों के कार्यकर्ताओ को भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। ग्वालियर चंबल संभाग के कार्यकर्ताओं के लिए अलग से कार्यक्रम बनेगा। सिंधिया अगले सप्ताह ग्वालियर के दौरे पर आयेंगे और भारी संख्या में कांग्रेस नेताओं को भाजपा में शामिल कराएंगे।






