मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित पंचशील नगर के शासकीय अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास में गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आई हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री से तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। इसी के साथ उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग भी की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से उन्होंने कहा कि छात्रावास में छात्राओं को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है। खाने में कीड़े मिलने और पनीर के रबर जैसा सख्त होने की शिकायतें सामने आई हैं, जो सीधे तौर पर छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने इस लापरवाही को लेकर होस्टल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं।
अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में सुरक्षा पर उठे सवाल
भोपाल में सरकारी अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आई हैं। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार यहां छात्राओं को घटिया क्वालिटी का भोजन परोसा जा रहा है। वहीं होस्टल की सुरक्षा भी संकट में है। रविवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने कन्या छात्रावास के वॉशरूम की खिड़कियों पर पत्थरबाजी कर कांच तोड़ दिए। रिपोर्ट के अनुसार छात्राओं ने इसकी पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी अपने पास रखी है, लेकिन पुलिस और प्रशासन पर आरोप है कि वे मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। छात्राओं का आरोप है कि बाहरी तत्व बार-बार होस्टल की खिड़कियों को निशाना बना रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने वार्डन से लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक शिकायत की, लेकिन कोई कारगर कार्रवाई नहीं हुई है।
उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री से की जांच और कार्रवाई की मांग
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री से तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यह स्थिति न सिर्फ शर्मनाक है, बल्कि छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि “होस्टल प्रबंधन की लापरवाही निंदनीय है। पहले भी प्रदेश के कई जिलों से ऐसी शिकायतें आई हैं।” कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की है कि इसे मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और छात्राओं के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जाए।






