मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने जीतू पटवारी के आरोपों पर पलटवार किया है। दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता निरस्त करने के बाद कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संवैधानिक प्रक्रियाओं का विरोध करने की आदी हो चुकी है। एक तरफ उनके नेता संविधान की रक्षा की बात करते हैं तो दूसरी तरफ भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए संविधान की धज्जियां उड़ाते हैं।
विश्वास सारंग ने जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा में असंवैधानिक तरीके से प्रवेश किया और भ्रष्टाचारी को संरक्षण देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राजेंद्र भारती का मामला किसी पार्टी का नहीं है, बल्कि गंभीर भ्रष्टाचार का मामला है और अदालत के निर्णय के बाद उनपर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
ये भी पढ़ें
विश्वास सारंग का जीतू पटवारी पर पलटवार
दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को अदालत द्वारा सजा सुनाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता निरस्त कर दी गई है। इसे लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रक्रिया को समाप्त करने का आरोप लगाया। इस आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि दतिया के विधायक राजेंद्र भारती का मामला किसी पार्टी का मामला नहीं है और वो सिर्फ चुनावी प्रक्रिया के उल्लंघन का मामला नहीं है। राजेंद्र भारती जिस मामले में दोषी करार दिए गए हैं वो भ्रष्टाचार का मामला है। और ये उस समय का मामला है जब मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता इस मामले में असंवैधानिक तरीके से हस्तक्षेप कर रहे हैं।
सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप
विश्वास सारंग ने जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा में असंवैधानिक तरीके से प्रवेश किया और भ्रष्टाचारी को संरक्षण देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि “विधानसभा के सदस्य न होते हुए भी जीतू पटवारी और पीसी शर्मा विधानसभा पहुंचे और अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की। यह गैरकानूनी कार्य है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने का केस बनना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष से किए सवाल
इसी के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी सामने आ गई है। विश्वास सारंग ने सवाल किया कि आखिर जीतू पटवारी विधानसभा क्यों गए जबकि वे सदन के सदस्य नहीं है। उन्होंने पूछा कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विधानसभा क्यों नहीं गए। सहकारिता मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना बात का मुद्दा बना रही है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी जनता को गुमराह करने की कोशिश न करें और इस बात का स्पष्टीकरण दें कि वे किस हैसियत से रात में विधानसभा गए और अधिकारियों को डराने की कोशिश की।