बिहार में आज पहले चरण का मतदान हो रहा है, मतदाताओं में बहुत उत्साह दिखाई दे रहा है, वहीं जिन विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण में वोटिंग होगी वहां भाजपा कांग्रेस के बड़े बड़े नेता पहुंच रहे हैं और एक दूसरे पर बयानों से हमला कर रहे हैं, पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने NDA प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं को संबोधित किया वहीं गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी मैदान में थी
राहुल गांधी आज चुनाव प्रचार के लिए पूर्णिया पहुंचे, उन्होंने अपनी बात वोट चोरी के मुद्दे से शुरू की, राहुल गांधी ने कहा मैंने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा में ‘वोट चोरी’ के सबूत दिए। मैंने दिखाया कि कैसे नरेंद्र मोदी, अमित शाह और चुनाव आयोग मिलकर ‘वोट चोरी’ कर रहे हैं। मैंने ऐसे सबूत दिए, जिसका जवाब न भाजपा दे पा रही है और न चुनाव आयोग दे पा रहा है।
राहुल गांधी ने दोहराई वोट चोरी की बात
राहुल गांधी ने कहा हरियाणा में चुनाव चोरी किया गया है वोटर लिस्ट में एक महिला का चेहरा 200 बार से ज्यादा आता है, BJP के नेता उत्तर प्रदेश से हरियाणा में जाकर फर्जी वोट करते हैं, ब्राजील की एक महिला के नाम पर हरियाणा में 22 वोट दिए गए हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, लोकसभा का चुनाव चोरी किया है। अब ये बिहार का चुनाव चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं।
बिहार का पिछला चुनाव भी चोरी किया गया
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, भाजपा हर जगह ‘वोट चोरी’ कर चुनाव जीत रही है। हमने पूरी दुनिया को दिखाया कि भाजपा और चुनाव आयोग ने हरियाणा का चुनाव चोरी किया है। वहीं, मुझे लगता है कि बिहार का पिछला चुनाव भी चोरी किया गया था। नरेंद्र मोदी और अमित शाह बिहार में ‘वोट चोरी’ करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमें किसी भी कीमत पर बिहार में ‘वोट चोरी’ नहीं होने देनी है।
हमें चुनाव चोरी करने वालों को रोकना है
राहुल ने कहा बिहार में लाखों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। जिनके वोट काटे गए, उनमें महागठबंधन के वोटर शामिल थे। आप सभी को पोलिंग बूथ पर सावधान रहना है। भाजपा के लोग ‘चुनाव चोरी’ करने की पूरी कोशिश करेंगे, लेकिन बिहार के युवाओं और Gen Z को संविधान की रक्षा करनी है। हमें चुनाव चोरी करने वालों को रोकना है और ये हमारी जिम्मेदारी है।
राहुल बोले- Reel, 21वीं सदी का नशा है
राहुल गांधी ने कहा, नरेंद्र मोदी ने बिहार आकर युवाओं से कहा- हमने आपको सस्ता डेटा दिया है, ताकि युवा रील बनाकर पैसा कमा सकें। जबकि सच यह है कि Reel, 21वीं सदी का नशा है। जब आप रील देखते हो तो पैसा अडानी-अंबानी और जियो की जेब में जाता है। जो काम पहले शराब, ड्रग्स से होता था, वो आज Reel से हो रहा है। आप ही बताइए- फेसबुक, इंस्टाग्राम रील देखने से युवाओं की जेब में कितना पैसा आया? बिहार के युवाओं को रोजगार चाहिए, Reel नहीं।





