Bihar Elections: तेजस्वी मतलब सरकारी नौकरी, यह नारा युवाओं के बीच गूंज रहा; मुकेश साहनी का दावा

पटना में पत्रकारों से बातचीत में साहनी ने कहा, “हर समुदाय में सरकार बदलने का उत्साह है। बीस साल से लोग परेशान हैं। नीतीश कुमार बीमार हैं, फैसले नौकरशाह ले रहे हैं और दिल्ली से रिमोट कंट्रोल चल रहा है।”
Mukesh Sahni

बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच महागठबंधन को युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिलने का दावा है। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संयोजक मुकेश साहनी ने मंगलवार को कहा कि राज्य में परिवर्तन की लहर चल रही है और लोग नीतीश कुमार सरकार से त्रस्त होकर तेजस्वी यादव की ओर देख रहे हैं। साहनी ने दावा किया कि “तेजस्वी मतलब सरकारी नौकरी” का नारा अब युवाओं के बीच गूंज रहा है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत में साहनी ने कहा, “हर समुदाय में सरकार बदलने का उत्साह है। बीस साल से लोग परेशान हैं। नीतीश कुमार बीमार हैं, फैसले नौकरशाह ले रहे हैं और दिल्ली से रिमोट कंट्रोल चल रहा है।” उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव जीतने के बाद राज्यों को भूल जाते हैं। गिरिराज सिंह के राहुल गांधी पर टिप्पणी को निषाद समाज का अपमान बताते हुए साहनी ने माफी की मांग की।

तेजस्वी यादव ने किए बड़े वादे

महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव ने किसानों, महिलाओं और कर्मचारियों के लिए बड़े वादे किए। उन्होंने कहा, “हम धान पर 300 रुपये और गेहूं पर 400 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त देंगे। सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली भी देंगे।” ‘माई-बहिन मान योजना’ के तहत 14 जनवरी को महिलाओं के खाते में 30 हजार रुपये डाले जाएंगे।

बिहार में नौजवानों को रोजगार

तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनी तो बिहार में नौजवानों को रोजगार, किसानों को सम्मान और महिलाओं को सशक्तिकरण मिलेगा। साहनी ने भरोसा जताया कि जनता इस बार बदलाव का बटन दबाएगी और महागठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगा।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews