भागलपुर के घोघा थाने में बुधवार, 13 अगस्त 2025 को जेडीयू के सांसद अजय मंडल ने अपनी ही पार्टी के विधायक गोपाल मंडल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला दर्ज कराया। अजय मंडल का कहना है कि 10 और 12 अगस्त को गोपाल मंडल ने सार्वजनिक रूप से मीडिया और सैकड़ों लोगों के सामने उनके चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए।
‘सांसद अजय मंडल रखैल रखता है’ बयान
अजय मंडल ने आवेदन में बताया कि गोपाल मंडल ने सार्वजनिक रूप से यह आरोप लगाया कि “सांसद अजय मंडल रखैल रखता है।” उन्होंने कहा कि जिस महिला के बारे में यह आरोप लगाया गया वह उनकी परिवार की सदस्य (भांजी) हैं और वर्तमान में प्रदेश महिला प्रकोष्ठ जेडीयू की नेता हैं। सांसद ने यह भी कहा कि यह बयान पूरी तरह से असत्य, निराधार और अपमानजनक है।
छवि को हुई क्षति
अजय मंडल ने लिखा कि इस बयान के कारण उनकी सार्वजनिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि उनका मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर नुकसान हुआ है और समाज, रिश्तेदार और परिचित अब उनके प्रति नकारात्मक सोच रख रहे हैं। सांसद ने मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
विधायक की आपराधिक छवि पर भी उठाया सवाल
अजय मंडल ने गोपाल मंडल की आपराधिक छवि का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोपाल मंडल के खिलाफ कई थानों में गंभीर मामले लंबित हैं और वे अक्सर अपने आप को दबंग बताते हैं। सांसद ने थानाध्यक्ष से मांग की है कि इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाए। उल्लेखनीय है कि जेडीयू विधायक गोपाल मंडल अक्सर विवादित बयान देते रहते हैं, लेकिन पार्टी की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस पर ध्यान नहीं देते।





