बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से परीक्षा के रिजल्ट को लेकर नई जानकारी दी गई है। BSEB के अध्यक्ष आनंद किशोर ने मीडिया कर्मियों से बात करते हुए यह बताया कि परीक्षा की जांच प्रक्रिया से लेकर रिजल्ट घोषित करने तक की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने यह भी बताया कि कक्षा 12वीं और कक्षा दसवीं का परीक्षा रिजल्ट मार्च माह के अंत तक जारी कर दिया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट पहले घोषित होगा और उसके बाद मैट्रिक का रिजल्ट घोषित किया जाएगा। इसका मतलब यह हुआ की 12वीं के परीक्षार्थियों को अपना स्कोर कार्ड पहले पता चल जाएगा और वह कॉलेज में अपने आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। यह भी बताया गया है कि रिजल्ट जारी करने की तिथि जल्द ही घोषित कर दी जाएगी।
ये भी पढ़ें
कब हुई थी परीक्षा
बिहार बोर्ड की तरफ से कक्षा दसवीं की परीक्षा का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी के बीच किया गया था। वहीं 12वीं की परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी के बीच आयोजित करवाई गई थी। दसवीं की परीक्षा 1699 एग्जाम सेंटरों पर हुई थी और 12वीं की परीक्षा 1762 एग्जाम सेंटर पर ली गई थी।
कहां जारी होगा रिजल्ट
बोर्ड अध्यक्ष द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रिजल्ट घोषित करने से पहले अंको की पुनः जांच की जा रही है। रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके अलावा biharboardonline.com और result.biharonline.com पर भी रिजल्ट जारी किया जाएगा। छात्र एसएमएस और डिजिलॉकर के माध्यम से भी अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
टॉपर्स को किया जाएगा सम्मानित
बिहार बोर्ड परीक्षा में जो छात्र टॉप करेंगे उन्हें मेधा दिवस के अवसर पर सम्मानित भी किया जाएगा। हर साल 3 दिसंबर को मेधा दिवस मनाया जाता है। इस दिन छात्रों को उनके प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन राशि और शैक्षिक संसाधन प्रदान किए जाते हैं। बिहार बोर्ड परीक्षा में जिन छात्रों को पहला स्थान प्राप्त होगा उन्हें 2 लाख दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को 1.5 लाख रुपए और तीसरा स्थान प्राप्त करने वालों को 1 लाख की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।