बिहार में सियासी भूचाल! डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को ’24 घंटे में गोली मारने की धमकी, मचा हड़कंप

बिहार में सियासी भूचाल! डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को ’24 घंटे में गोली मारने की धमकी, मचा हड़कंप

बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी उनके एक कार्यकर्ता के वॉट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से भेजे गए संदेश के जरिए दी गई। धमकी भरे इस मैसेज ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

धमकी भरा मैसेज शनिवार रात सम्राट चौधरी के एक समर्थक के वॉट्सऐप पर आया। मैसेज में लिखा था, “हैलो सर, 24 घंटे के अंदर सम्राट चौधरी को गोली मार दूंगा, सच बोल रहा हूं।” यह संदेश मिलते ही कार्यकर्ता ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात नंबर को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अपराधी की पहचान की कोशिश की जा रही है।

सम्राट चौधरी का बयान – ‘जिसे जो करना है, करने दो’

धमकी मिलने के बाद रविवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बयान दिया। उन्होंने कहा, “जिसे जो करना है, करने दो। बिहार की जनता जानती है कि हम राज्य के विकास के लिए काम कर रहे हैं। जनता का भरोसा हमारे साथ है और हम विकास कार्यों में रुकावट नहीं आने देंगे।” सम्राट चौधरी ने साफ किया कि धमकियों से उनके हौसले कमजोर नहीं होंगे।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। सम्राट चौधरी की सुरक्षा में लगे सभी सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, साइबर सेल को मैसेज भेजने वाले नंबर की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह मामला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।

बिहार में बढ़ते अपराध पर राजनीति गरमाई

बिहार में लगातार बढ़ते अपराधों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया था कि पिछले सात दिनों में बिहार में 97 हत्याएं हुईं। हालांकि, पुलिस ने इस आंकड़े को खारिज करते हुए 20 जुलाई से अब तक केवल 40 हत्याओं की पुष्टि की। लेकिन VIP नेताओं को भी धमकियां मिलना इस बात का संकेत है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews