Hindi News

धान के खेत में तेज प्रताप यादव: पूर्व मंत्री ने गांव में किया रोपनी, वायरल हुआ देसी अंदाज

Written by:Deepak Kumar
Last Updated:
धान के खेत में तेज प्रताप यादव: पूर्व मंत्री ने गांव में किया रोपनी, वायरल हुआ देसी अंदाज

बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इस बीच आरजेडी से निष्कासित और हसनपुर सीट से विधायक तेज प्रताप यादव का अलग अंदाज देखने को मिला. आरा जिले के शाहपुर विधानसभा में जन संवाद यात्रा के दौरान तेज प्रताप धान के खेत में उतरे और युवाओं व महिलाओं के साथ धान की रोपनी करने लगे. इस दौरान उन्होंने खेत में मौजूद महिला किसानों से उनका हाल-चाल भी जाना.

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

तेज प्रताप यादव ने इस मौके का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया. उन्होंने पोस्ट में लिखा, “आज जिला आरा के शाहपुर विधानसभा जन संवाद यात्रा के लिए जाने के क्रम में रास्ते में रुककर धान फसल की रोपनी करते हुए किसान महिलाओं से उनका हाल-चाल जाना और साथ ही उनके साथ खेत में जाकर धान फसल की रोपनी भी की.”

शाहपुर में वादों की झड़ी

जन संवाद यात्रा के दौरान तेज प्रताप यादव ने शाहपुर के लोगों से बड़े वादे किए. उन्होंने घोषणा की कि यहां एक इंजीनियरिंग कॉलेज खोला जाएगा ताकि स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े. इसके अलावा उन्होंने शाहपुर में युवाओं के लिए एक क्रिकेट स्टेडियम बनाने का भी वादा किया.

गर्मजोशी से हुआ स्वागत

शाहपुर विधानसभा की यात्रा पर निकले तेज प्रताप यादव का रास्ते में कोइलवर नगर पंचायत में टीम तेज प्रताप यादव के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. वहां जमकर नारेबाजी हुई और लोगों ने उनका उत्साह बढ़ाया.

टोपी का बदला रंग और चुनावी तैयारी

राजद अध्यक्ष लालू यादव ने एक विवादित वीडियो के बाद तेज प्रताप यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया था. इसके बाद उन्होंने बगावती रुख अपनाते हुए महुआ से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी. तेज प्रताप ने अपने गुट की पहचान बनाने के लिए आरजेडी की हरी टोपी का रंग बदलकर पीला कर दिया है. वे अब टीम तेज प्रताप यादव के बैनर तले चुनावी अभियान चला रहे हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में जनता से मिल रहे हैं.

Deepak Kumar
लेखक के बारे में
तेज ब्रेकिंग के साथ सटीक विश्लेषण और असरदार लेखन में माहिर हैं। देश-दुनिया की हलचल पर नजर रखते हैं और उसे सरल व असरदार तरीके से लिखना पसंद करते हैं। तीन सालों से खबरों की दुनिया से जुड़े हैं। View all posts by Deepak Kumar
Follow Us :GoogleNews