पटना: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। पार्टी ने एक बार फिर उमेश सिंह कुशवाहा पर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है। उनका निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ।
प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह घोषणा की गई। प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार ‘मुन्ना’ और परमहंस कुमार ने उमेश कुशवाहा को निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपा। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कैसे संपन्न हुई पूरी प्रक्रिया?
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया के तहत उमेश सिंह कुशवाहा ने चार सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। पार्टी द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर किसी अन्य उम्मीदवार ने इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश नहीं की।
इसके बाद, तय प्रक्रिया के अनुसार नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की गई। स्क्रूटनी में उनका नामांकन वैध पाए जाने और कोई अन्य प्रतिद्वंद्वी नहीं होने के कारण उन्हें निर्विरोध बिहार प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। यह उनका लगातार तीसरा कार्यकाल होगा।
‘नीतीश कुमार के नेतृत्व में संगठन को सशक्त करेंगे’
तीसरी बार यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उमेश सिंह कुशवाहा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करने का एक और अवसर मिला है।
“यह मेरा सौभाग्य है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में मुझे लगातार तीसरी बार जनता दल यूनाईटेड के बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सेवा करने का अवसर मिला है।”- उमेश सिंह कुशवाहा
उन्होंने आगे कहा कि वे नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और गतिशील बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उनका संकल्प ‘न्याय के साथ विकास’ के नारे को समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिसके लिए वे पूरी प्रतिबद्धता से जुटे रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर पार्टी को सफलता की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
जद(यू) संगठनात्मक चुनाव की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आज माननीय विधायक श्री उमेश सिंह कुशवाहा जी लगातार तीसरी बार जनता दल (यू) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए।
प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी श्री अशोक कुमार ‘मुन्ना’ एवं श्री परमहंस कुमार ने श्री उमेश सिंह… pic.twitter.com/VA1TEr0OZ7— Janata Dal (United) (@Jduonline) March 6, 2026





