Hindi News

’50 करोड़ की गर्लफ्रेंड…’ बोलने वाले मोदी जी हैं, तेजस्वी यादव का प्रधानमंत्री पर बड़ा हमला,

Written by:Deepak Kumar
Published:
’50 करोड़ की गर्लफ्रेंड…’ बोलने वाले मोदी जी हैं, तेजस्वी यादव का प्रधानमंत्री पर बड़ा हमला,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी मां को लेकर दिए गए विवादित बयान पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार (03 सितंबर, 2025) को बड़ा बयान दिया। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी मां को अपशब्द कहना उचित नहीं है और यह उनके संस्कार में नहीं है। तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी भी इस तरह की सोच का समर्थन नहीं करती। हालांकि उन्होंने इस मुद्दे पर बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार भी किया।

“50 करोड़ की गर्लफ्रेंड बोलने वाले मोदी जी हैं…”

तेजस्वी यादव ने कहा कि “सबकी मां सबकी मां होती है, लेकिन सवाल यह है कि 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड कहने वाले मोदी जी हैं। सोनिया गांधी जी को बार-बार अपमानित किया गया, नीतीश कुमार के डीएनए पर सवाल उठाए गए।” उन्होंने आगे कहा कि खुद उन्हें भी सदन में बीजेपी विधायकों से मां-बहनों को लेकर गालियां सुननी पड़ीं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बीजेपी प्रवक्ता कई बार लाइव कैमरे पर महिलाओं का अपमान करते हैं लेकिन तब किसी ने इसका विरोध नहीं किया।

“विदेश में ठहाके लगाते रहे, यहां आकर रो रहे हैं”

आरजेडी नेता ने इस दौरान प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “हमारी पार्टी की प्रवक्ता सारिका पासवान को सड़क पर नंगा घुमाने की धमकी देने वाले शख्स को बीजेपी ने सम्मान दिया और पार्टी में शामिल किया। उस समय प्रधानमंत्री कहां थे?” तेजस्वी ने कहा कि देश की जनता सब कुछ समझती है और दिखावटी राजनीति अब नहीं चलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि विदेश में ठहाके लगाते रहे और यहां आकर रोने लगे।

“बीजेपी डरी हुई है, मुद्दे खत्म हो गए”

पत्रकारों ने जब तेजस्वी से पूछा कि बीजेपी गुरुवार को बिहार बंद कर रही है, तो उन्होंने कहा कि “सरकार के लोग बिहार बंद कर रहे हैं? प्रधानमंत्री आते हैं तो स्कूल अपने आप बंद हो जाते हैं। इनके पास अब कोई मुद्दा नहीं है। वोटर अधिकार यात्रा में हर वर्ग का अपार समर्थन मिला है और इसी वजह से बीजेपी बेचैन है।” तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी की चोरी पकड़ी गई है और इसी डर से वे बार-बार ऐसे मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं। इससे पहले उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने भी इस मुद्दे पर पीएम मोदी और बीजेपी पर हमला बोला था।