Hindi News

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहरसा में करोड़ों की योजनाओं का किया शिलान्यास, बोले- बिहार से दूर नहीं जा रहा, काम करता रहूंगा

Written by:Ankita Chourdia
Published:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में सहरसा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शाहपुर में जीविका सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया और जिले के लिए 500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने एक जनसभा में स्पष्ट किया कि वे बिहार में ही रहकर प्रदेश के लिए काम करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहरसा में करोड़ों की योजनाओं का किया शिलान्यास, बोले- बिहार से दूर नहीं जा रहा, काम करता रहूंगा

सहरसा: अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सहरसा पहुंचे। यहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और जिले को करीब 500 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। सहरसा स्टेडियम में आयोजित एक जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने साफ किया कि वे कहीं नहीं जा रहे हैं और बिहार के विकास के लिए लगातार काम करते रहेंगे।

इस दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री ने नगर निगम क्षेत्र के शाहपुर में जीविका के जिलास्तरीय सिलाई केंद्र के उद्घाटन के साथ की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री, मधेपुरा के सांसद और जिले के अन्य विधायक भी मौजूद थे।

सरकार की उपलब्धियां और कोसी त्रासदी का जिक्र

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने जिले में अपनी सरकार द्वारा कराए गए कार्यों का विस्तार से ब्योरा दिया। उन्होंने कहा, “आपके सहरसा जिले में कराए गए कार्य अब आपको बता देते हैं। कितना अच्छा हुआ। सरकार ने जिले में विकास के सभी काम करा दिए हैं।”

मुख्यमंत्री ने इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान, महिला आईटीआई, जीएनएम संस्थान और पैरामेडिकल संस्थान की स्थापना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सहरसा में एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इसके अलावा, कर्पूरी छात्रावास, आवासीय विद्यालयों, और बलुआहा घाट पुल जैसे कई महत्वपूर्ण पुलों और पथों के निर्माण की भी जानकारी दी।

“आप तो जानते ही हैं कि वर्ष 2008 में कोसी नदी का बांध टूटने से भीषण बाढ़ हुआ था। हम लोग बाहर गए थे फिर आए तो देखा… एक-एक जगह पर आए और सब जगह काम किए।”- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

सीएम ने 2008 की कोसी त्रासदी को याद करते हुए कहा कि उस भीषण बाढ़ के बाद सरकार ने सहरसा, सुपौल और मधेपुरा में बड़े पैमाने पर राहत और पुनर्निर्माण का काम किया था।

6 नई योजनाओं को मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने बताया कि हालिया प्रगति यात्रा के दौरान की गई समीक्षा के आधार पर सहरसा जिले के लिए 6 और नई विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन पर काम चल रहा है और इन्हें जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

इन नई योजनाओं में शामिल हैं:

  • तिलावे नदी की उड़ाही का कार्य।
  • सहरसा में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण।
  • प्रसिद्ध मां उग्रतारा मंदिर का विकास।
  • सहरसा में एक नए खेल परिसर का विकास।
  • शहर में रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का निर्माण।
  • दो प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण।

सीएम ने आश्वासन दिया कि ये सभी कार्य बहुत जल्द पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे जिले के विकास को और गति मिलेगी।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews