Hindi News

असम में पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट जंग का किया जिक्र, कांग्रेस पर तेल-LPG को लेकर अफवाह फैलाने का लगाया बड़ा आरोप

Written by:Rishabh Namdev
Published:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिडिल ईस्ट में जारी जंग पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कांग्रेस पर संकट के समय तेल और एलपीजी को लेकर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि भारत अब दुनिया की ऊर्जा जरूरतों का ध्यान रखने में सक्षम है।
असम में पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट जंग का किया जिक्र, कांग्रेस पर तेल-LPG को लेकर अफवाह फैलाने का लगाया बड़ा आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच कांग्रेस पर देश में तेल और एलपीजी की कीमतों को लेकर अफवाह फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। असम में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की बजाय लोगों को गुमराह करने में जुटी है। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि इस वैश्विक संकट का असर देश की जनता पर कम से कम हो।

मध्य पूर्व में युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की सप्लाई चेन पर असर पड़ा है, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। इसी पृष्ठभूमि में पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार की नीतियों के कारण भारत अब पहले से कहीं ज्यादा आत्मनिर्भर है।

‘भारत दुनिया की ऊर्जा जरूरतों का रख सकता है ध्यान’

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में बीजेपी-एनडीए सरकार ने देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, “बीजेपी-एनडीए की सरकार ने हमारी रिफाइनरी के विकास के लिए, रिफाइनिंग क्षमता के विकास के लिए काम किया है। आज भारत दुनिया का वो देश है जो अपनी ही नहीं, बल्कि विश्व की ऊर्जा जरूरतों का ध्यान रख सकता है।”

उन्होंने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक कांग्रेस ने देश को दूसरे देशों पर निर्भर बनाए रखा, जिसका खामियाजा किसानों और आम जनता को भुगतना पड़ता था।

“हमने आजाद भारत में बार-बार देखा है कि जब दुनिया के दूसरे हिस्सों में लड़ाइयां होती हैं और सप्लाई चेन में दिक्कत आती है तो परेशानी हमारे किसानों को होती है। कभी खाद महंगी हो जाती थी, कभी डीजल और ऊर्जा की कीमत बढ़ जाती थी।” — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

कांग्रेस पर देश के प्रति ईमानदार न होने का आरोप

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह किसी भी परिस्थिति में देश के प्रति ईमानदार नहीं है। उन्होंने कहा, “आज युद्ध से बने संकटों के बीच भी कांग्रेस सिर्फ अफवाहें फैलाने और दुष्प्रचार करने में जुटी है।”

उन्होंने कांग्रेस नेताओं को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के भाषण की याद दिलाई। पीएम मोदी ने कहा, “मैं कांग्रेस के साथियों से कहना चाहता हूं कि एक काम करिए, लाल किले पर से 15 अगस्त को पंडित नेहरू ने जो भाषण दिए हैं, वे भाषण सुनिए। पंडित जी ने लाल किले से एक बार कहा कि उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया में लड़ाई चल रही है, इसलिए भारत में महंगाई बढ़ रही है।” इस उदाहरण के जरिए उन्होंने यह बताने की कोशिश की कि वैश्विक संकटों का असर देश पर पड़ता है, लेकिन कांग्रेस आज इसे समझने की बजाय लोगों को गुमराह कर रही है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews