रायपुर: छत्तीसगढ़ इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से जूझ रहा है। राजधानी रायपुर से लेकर बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई तक, गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इस संकट के बीच कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
रायपुर और बिलासपुर में खाद्य विभाग की टीमों ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 475 से अधिक घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई उन शिकायतों के बाद हुई है जिनमें कहा गया था कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है और उन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।
रायपुर में 350 से ज्यादा सिलेंडर जब्त, एजेंसी के स्टॉक में मिली गड़बड़ी
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कई इलाकों में दबिश दी। जांच के दौरान धरसींवा के सेजबहार स्थित कमल होटल में घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल करते पाए जाने पर 14.2 किलोग्राम के 8 सिलेंडर जब्त किए गए। इसी तरह, बाबूलाल चिकन सेंटर से भी 3 घरेलू सिलेंडर बरामद हुए।
एक बड़ी कार्रवाई अभनपुर-नवापारा क्षेत्र में हुई, जहां रवि ग्लास एंड प्लाइवुड नामक प्रतिष्ठान से सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ हुआ। यहां से 26 घरेलू, 2 व्यावसायिक और 4 छोटे (5 किलो) सिलेंडर जब्त किए गए।
इसके अलावा, टीम ने कोरासी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें भारी अनियमितता सामने आई। एजेंसी के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में 101 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, 64 खाली घरेलू सिलेंडर और 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडर कम पाए गए। इस गड़बड़ी के चलते गोदाम में मौजूद सभी 355 सिलेंडरों को जब्त कर एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बिलासपुर में भी छापेमारी, 126 सिलेंडर बरामद
बिलासपुर में भी प्रशासन ने अवैध गैस कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया है। एक किराना स्टोर और किचन केयर में छापेमारी कर 126 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। अधिकारियों को मौके से गैस निकालने वाले उपकरण भी मिले, जिससे अवैध रिफिलिंग का संदेह है। इससे एक दिन पहले हुई कार्रवाई में भी 75 सिलेंडर जब्त किए गए थे।
गैस किल्लत से बढ़ी इंडक्शन चूल्हे की बिक्री
लगातार बनी हुई गैस की किल्लत के कारण लोग अब खाना पकाने के लिए दूसरे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। बाजार में इलेक्ट्रॉनिक इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बढ़ गई है। रायपुर के मालवीय रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक बाजार के एक व्यापारी अनिल शर्मा ने बताया कि इंडक्शन की बिक्री में 10 से 20 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है।
“इंडक्शन के साथ-साथ उसके लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की डिमांड भी बढ़ी है। लोग ब्रांडेड कंपनी के इंडक्शन ज्यादा खरीद रहे हैं, जिनकी कीमत 2000 रुपए से 4500 रुपए तक है।”- अनिल शर्मा, व्यापारी
फिलहाल ऑनलाइन और मिस्ड कॉल से गैस बुकिंग बंद है और बुकिंग के बाद भी सिलेंडर मिलने में 10-12 दिन लग रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी जस की तस बनी हुई है।





