Hindi News

लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने LPG संकट पर प्रधानमंत्री मोदी को घेरा, लगाया गंभीर आरोप, जानें क्या कहा

Written by:Ankita Chourdia
Published:
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने देश में कथित एलपीजी संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सरकार के विरोधाभासी बयानों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री 'प्रलाप की अवस्था' से जूझ रहे हैं।
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने LPG संकट पर प्रधानमंत्री मोदी को घेरा, लगाया गंभीर आरोप, जानें क्या कहा

देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर चल रही बहस के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए और पीएम मोदी की मानसिक स्थिति को लेकर भी टिप्पणी की।

रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार और उसके मंत्री देश में किसी भी तरह के संकट से इनकार कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री विरोधाभासी बयान दे रहे हैं। उन्होंने इसे लेकर सीधे प्रधानमंत्री से सवाल किया।

‘प्रलाप की अवस्था’ में होने का आरोप

अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने प्रधानमंत्री की मानसिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि उनके विरोधाभासी बयानों से ऐसा लगता है कि वे ‘स्टेट ऑफ डिलीरियम’ यानी प्रलाप की अवस्था से जूझ रहे हैं। उन्होंने इस अवस्था को समझाते हुए कहा कि यह एक ऐसी मानसिक स्थिति है जिसमें व्यक्ति को किसी विषय पर सोचने, ध्यान केंद्रित करने और उसे समझने में भ्रम और बेचैनी होती है।

“जब प्रधानमंत्री, उनके साथ-साथ केंद्र सरकार के दर्जनों मंत्री और पूरी सरकारी मशीनरी एक सुर में कई बार यह कह चुकी है कि “किसी भी प्रकार का कोई संकट नहीं है और संकट की बात विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही अफवाह है”, तो अब किस संकट की बात की जा रही है, प्रधानमंत्री जी?”- रोहिणी आचार्य

‘झूठ बोलने का कॉपीराइट’

इससे पहले भी रोहिणी ने एलपीजी सिलेंडर की कमी को एक ‘कड़वी सच्चाई’ बताया था, जिससे पूरा देश परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने झूठ बोलने का कॉपीराइट हासिल कर लिया है।

उन्होंने कहा, “मोदी सरकार के लगभग 12 वर्षों के शासनकाल की यही यूएसपी ही रही है कि हरेक उस कड़वे सच से, जिससे मोदी जी, भाजपा और उनकी सरकार के झूठ की पोल खुलती है, उसे अफवाह बता कर मोदी जी और मोदी सरकार की नाकामी पर पर्दा डाला जाता है।”

रोहिणी आचार्य ने स्पष्ट कहा कि एलपीजी गैस की कमी के कारण पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन जिनके हाथों में देश की कमान है, उनका सरोकार सिर्फ झूठ बोलने से है। उन्होंने सरकार, भाजपा और उनके समर्थकों पर सच को अफवाह बताने का आरोप लगाया।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews