
शनिवार देर रात राष्ट्रीय जनता दल (जेडीयू) के नेता तेजस्वी यादव ने पूर्णिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, डॉक्टर और स्टाफ की कमी है और मरीजों को समय पर उचित इलाज नहीं मिल रहा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल सुधार किए जाएं और मरीजों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जाए।
दिलीप जायसवाल ने तेजस्वी पर पलटवार किया
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने तेजस्वी यादव के आरोपों का कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पिछले 70 सालों में बिहार में कोई बुनियादी ढांचा नहीं बनाया, वे अब दूसरों पर आरोप लगाकर दोष मढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय न पक्की सड़कें थीं, न बिजली, न रेलवे और न ही हवाई अड्डे। वहीं, बिहार में अब मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज बनकर तैयार हैं, जिससे डॉक्टर और नर्स प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हो रही है।
एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन और उत्साह
दिलीप जायसवाल ने बताया कि एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का अंतिम चरण चल रहा है। अब तक 141 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जा चुका है और चौथे चरण के बाद कुल 154 विधानसभा क्षेत्र सम्मिलित होंगे। सम्मेलन में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसमें महिलाओं की संख्या भी आधी से ज्यादा है, जो एनडीए के प्रति जनता और महिलाओं के बढ़ते रुझान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ये सम्मेलन पार्टी में एकता और संगठन को मजबूत करने में सहायक साबित होंगे।
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने दी जानकारी
बिहार जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन पूरी तरह सफल रहा और सभी क्षेत्रों में लोगों की भागीदारी रही। उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम से 2025 के चुनावों की तैयारी मजबूत होगी। कार्यकर्ताओं और नेताओं की सक्रिय भागीदारी से एनडीए में एकता दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 225 सीटें जीतकर सरकार बनाना है और यह सम्मेलन उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
