PM Modi Bihar Visit: PM मोदी का बिहार दौरा आज, 12,000 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

पीएम मोदी आज बिहार में 12,000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। बोधगया में जनसभा, बेगूसराय में गंगा पुल निरीक्षण और पटना में कार्यक्रम तय हैं।
PM Modi Bihar Visit: PM मोदी का बिहार दौरा आज, 12,000 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार की धरती पर विकास की नई सौगात लेकर पहुंच रहे हैं। करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर राज्य को बड़े तोहफे देंगे। बोधगया के मगध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी है, लोग हाथों में तिरंगा लहराते हुए पीएम का स्वागत करने पहुंचे हैं। महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी दिख रही है। प्रधानमंत्री यहां रेल, सड़क, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं की नींव रखेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम बेगूसराय और पटना में भी तय है, जहां विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।

बोधगया में होगा बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे बोधगया के मगध विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। यहां वे 6 परियोजनाओं का उद्घाटन और 8 का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में सड़क, रेल, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके साथ ही पीएम मोदी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और बुद्ध सर्किट ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

नेताओं के बयानों से गरमाया माहौल

पीएम के दौरे को लेकर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, “दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बिहार में विकास का नया अध्याय लिखने आ रहे हैं।” वहीं, मंत्री संजय सरावगी ने बेगूसराय में तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा, “राष्ट्रकवि दिनकर की धरती विकास की नई गाथा लिखने को तैयार है।” दूसरी ओर, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तंज कसा कि मोदी “नीतीश कुमार की राजनीति का पिंडदान करने जा रहे हैं।”

बेगूसराय और पटना का भी दौरा

बोधगया में जनसभा के बाद पीएम मोदी दोपहर 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से सिमरिया (बेगूसराय) रवाना होंगे। वहां वे औंटा–सिमरिया गंगा पुल का निरीक्षण करेंगे। दोपहर 2:05 बजे प्रधानमंत्री पटना के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां कई अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

चुनावी माहौल में बड़ा संदेश

विधानसभा चुनाव 2025 से पहले पीएम मोदी का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। बड़ी योजनाओं की सौगात और विपक्षी नेताओं के तीखे बयान ने बिहार की सियासत को गरमा दिया है। लोग भारी संख्या में जनसभा में पहुंच रहे हैं, जिनमें महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी दिख रही है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews
PM Modi Bihar Visit: PM मोदी का बिहार दौरा आज, 12,000 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात - MP Breaking News