Hindi News

पीएम मोदी ने 2017 में रखी थी आधारशिला, 2025 में इस दिन करेंगे उद्घाटन

Written by:Deepak Kumar
Published:
पीएम मोदी ने 2017 में रखी थी आधारशिला, 2025 में इस दिन करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को बिहार दौरे पर गयाजी आने वाले हैं। वे बोधगया में जनसभा को संबोधित करेंगे और इस अवसर पर राज्य में लगभग 1,675 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और राज्य के विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को जनता के सामने लाएंगे।


औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल का उद्घाटन

पीएम मोदी इसके बाद 15 मिनट के लिए बेगूसराय जाएंगे, जहां वे मोकामा में गंगा नदी पर बने औंटा-सिमरिया सिक्स लाइन (6 लेन) पुल का शुभारंभ करेंगे। यह पुल 1,871 करोड़ रुपये की लागत से बना है और उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ेगा। यह पुल 8 किलोमीटर लंबा है और मोकामा-पटना-बेगूसराय मार्ग को मजबूत करेगा। बीते रविवार को बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक कुंदन कुमार, बेगूसराय डीएम तुषार सिंगला और एसपी मनीष भी मौजूद रहे।


सुरक्षा और निरीक्षण की तैयारियां

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मुख्य सचिव ने सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। इसके अलावा सिमरिया रिवर फ्रंट और HURL-NTPC स्थल का भी निरीक्षण किया गया। पुराने राजेंद्र सेतु पर वाहनों का दबाव अधिक था और भारी वाहनों पर रोक लग गई थी, जिससे नया औंटा-सिमरिया पुल निर्माण आवश्यक हो गया। राजेंद्र सेतु का शिलान्यास 1956 में पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया था और उद्घाटन 1959 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने किया था। अब 66 वर्षों बाद समानांतर पुल का उद्घाटन किया जा रहा है।


फोरलेन सड़क परियोजना का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन सड़क का भी उद्घाटन करेंगे। इस सड़क की लंबाई 44.60 किलोमीटर है और इसके निर्माण में 1,899 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इससे पटना से मोकामा जाने का मार्ग पहले से आसान हो जाएगा। पहले पटना से बख्तियारपुर तक फोर लेन था, लेकिन बख्तियारपुर से मोकामा तक पुरानी सड़क पर जाना पड़ता था। नई सड़क और पुल परियोजनाओं से बिहार के पूर्वोत्तर और दक्षिणी हिस्सों के बीच यातायात सुगम और सुरक्षित होगा।

Deepak Kumar
लेखक के बारे में
तेज ब्रेकिंग के साथ सटीक विश्लेषण और असरदार लेखन में माहिर हैं। देश-दुनिया की हलचल पर नजर रखते हैं और उसे सरल व असरदार तरीके से लिखना पसंद करते हैं। तीन सालों से खबरों की दुनिया से जुड़े हैं। View all posts by Deepak Kumar
Follow Us :GoogleNews