बिहार में आज नई सरकार का गठन होने जा रहा है। दरअसल भाजपा नेता सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं शपथ ग्रहण समारोह पटना के लोकभवन के जर्मन हैंगर में सुबह 11 बजे आयोजित होगा। उनके साथ जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगे। इस बदलाव के साथ राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।
दरअसल लगभग दो दशक तक बिहार की सत्ता संभालने के बाद नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला लिया। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि अब नई सरकार राज्य का काम संभालेगी और वे उसे पूरा सहयोग देंगे। इस फैसले के बाद एनडीए में नई नेतृत्व व्यवस्था पर चर्चा शुरू हो गई और भाजपा विधायक दल ने सम्राट चौधरी को अपना नेता चुन लिया।
बिहार को पहली बार मिलेगा भाजपा का मुख्यमंत्री
वहीं सम्राट चौधरी के शपथ लेने के साथ ही बिहार को पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिलेगा। यह राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब तक भाजपा गठबंधन का हिस्सा रहते हुए सरकार में शामिल रही है, लेकिन मुख्यमंत्री पद जदयू के पास ही रहा था। एनडीए की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में नीतीश कुमार ने खुद उनका नाम प्रस्तावित किया। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच सम्मान का माहौल भी देखने को मिला। नीतीश कुमार ने सम्राट को माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं, जबकि सम्राट चौधरी ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
दरअसल सम्राट चौधरी ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कहा कि वे पिछले करीब 30 साल से राजनीति में सक्रिय हैं और भाजपा ने उन्हें काम करने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से प्रभावित होकर वे भाजपा से जुड़े और 2015 से लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे बिहार के विकास को नई गति देने की कोशिश करेंगे।
जदयू के दो नेता बनेंगे डिप्टी सीएम
दरअसल नई सरकार में भाजपा और जदयू के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है। इसी के तहत जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी दी जा रही है। दोनों नेता बिहार की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और प्रशासनिक अनुभव भी रखते हैं। शपथ ग्रहण समारोह पटना के लोकभवन पटना में आयोजित होगा। कार्यक्रम में एनडीए के कई बड़े नेता, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के शामिल होने की संभावना है।
वहीं सम्राट चौधरी ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार के साथ काम करते हुए सरकार चलाने के कई पहलू सीखे हैं। उनका कहना है कि नीतीश कुमार ने जिस समृद्ध बिहार का सपना देखा था, उसे आगे बढ़ाना ही नई सरकार की प्राथमिकता होगी।






