Hindi News

बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान, अब सम्राट चौधरी संभालेंगे राज्य की कमान, चुने गए NDA विधायक दल के नेता

Written by:Shyam Dwivedi
Last Updated:
बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है तो वहीं सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है। यानि अब सम्राट चौधरी राज्य की कमान संभालेंगे।
बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान, अब सम्राट चौधरी संभालेंगे राज्य की कमान, चुने गए NDA विधायक दल के नेता

बिहार में कई दिनों से राजनीतिक हलचल मची हुई थी। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद​ ये सवाल उठ रहा था कि अब राज्य की कमान किसके हाथ में जाएगी? लेकिन अब इस सवाल से भी पर्दा उठ चुका है। नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को सौंप दिया है तो वहीं दूसरी सम्राट चौधरी को पहले बीजेपी फिर एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्राट चौधरी के नाम की घोषणा की।

बता दें कि पटना में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई बीजेपी विधानमंडल की बैठक में विजय सिन्हा, मंगल पांडे और दिलीप जायसवाल ने भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। जिसके बाद उनके नाम पर अंतिम मुहर लगी। जानकारी अनुसार सम्राट चौधरी 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

बीजेपी विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी का पहला बयान

बीजेपी विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। उन्होंने सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मैं भारतीय जनता पार्टी के सेंट्रल लीडरशिप का दिल से शुक्रिया अदा करता हूँ कि उन्होंने मुझ पर भरोसा करके बिहार भाजपा दल के नेता की जिम्मेदारी दी है। यह मेरे लिए सिर्फ़ एक पद नहीं है, बल्कि बिहार के लोगों की सेवा करने, उनके भरोसे और सपनों को पूरा करने का एक पवित्र मौका है। मैं पूरी लगन, कमिटमेंट और ईमानदारी के साथ सभी की उम्मीदों पर खरा उतरने का वादा करता हूँ।

उन्होंने आगे कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में, मैं बिहार को विकास, सुशासन और खुशहाली की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार कमिटेड रहूंगा। आपका स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।

शिवराज सिंह चौहान ने भी दी बधाई

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्राट चौधरी के नाम की घोषणा करने के ​बाद उन्हें बधाई दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी विधायकों ने विजय कुमार सिन्हा द्वारा प्रस्तावित सम्राट चौधरी के नाम पर स्वीकृति दी। इसके बाद सर्वसम्मति सम्राट चौधरी को विधानमंडल दल के नेता के रूप में चुन लिया गया। सम्राट सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए हैं। मैं उन्हें बधाई देता हूं। नीतीश कुमार ने 20 साल तक बिहार की सेवा की। उन्होंने बिहार को बदल दिया। राज्य में विकास को रफ्तार दी और जंगलराज से मुक्ति दिलाई। अब नीतीश कुमार के काम को सम्राट चौधरी और तेजी से ले जाएंगे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews