बिहार की राजनीति में आज एक बड़े अध्याय का अंत हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कैबिनेट की बैठक के बाद राजभवन जाकर उन्होंने राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंपा। पद छोड़ने के साथ ही नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया है कि वे अब सरकार की जिम्मेदारी से मुक्त हो रहे हैं, लेकिन बिहार के विकास के लिए नई सरकार को उनका मार्गदर्शन और सहयोग हमेशा मिलता रहेगा।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक विस्तृत पोस्ट साझा की। उन्होंने साल 2005 से अब तक के अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए लिखा कि 24 नवंबर 2005 को जब पहली बार एनडीए की सरकार बनी थी तब से राज्य में ‘कानून का राज’ स्थापित करना और निरंतर विकास करना ही उनका एकमात्र लक्ष्य रहा है।
नीतीश कुमार ने बिहार सीएम पद से इस्तीफा दिया
नीतीश कुमार बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेताओं में से एक रहे हैं। उन्होंने एक बार नहीं, बल्कि कई अलग-अलग कार्यकालों में मुख्यमंत्री पद संभाला। अपने लंबे उतार-चढ़ाव वाले राजनीतिक सफर में नीतीश कुमार ने अलग-अलग गठबंधन के साथ बिहार की सत्ता संभाली और कुल मिलाकर लगभग दो दशकों तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। आज उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के साथ ही बिहार की राजनीति में एक लंबा अध्याय समाप्त हुआ।
सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री
इसी के साथ बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगा दी गई है। वे बुधवार को सुबह 11 बजे राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखी भावुक पोस्ट
नीतीश कुमार ने इस्तीफा देने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक भावुक संदेश लिखा है। अपने इस्तीफे के निर्णय पर उन्होंने कहा “हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे। इतने वर्षों तक हमने जनता की सेवा की है। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन बना रहेगा।”
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने समाज के हर तबके…चाहे वे हिंदू हों, मुस्लिम हों, सवर्ण हों, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित या महादलित, सभी के लिए समान रूप से काम किया है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे क्षेत्रों में हुए क्रांतिकारी बदलावों का जिक्र करते हुए महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया।
बिहार के भविष्य के लिए ‘7 निश्चय-3’ का रोडमैप
अगले पांच वर्षों के विजन को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि ‘7 निश्चय-3’ का गठन कर लिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार देश के टॉप राज्यों में शामिल होगा। इस दौरान नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि बिहार के विकास में केंद्र का पूरा सहयोग मिल रहा है।






