Hindi News

“मुख्यमंत्री बनाने के लिए केवल एक ही खानाबदोश मिला..” रोहिणी आचार्य ने भाजपा पर कसा तंज, नीतीश कुमार को बताया पल्टीबाजी का धुरंधर

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
मंगलवार को बिहार में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। एक तरफ जहां नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया तो वहीं दूसरी ओर राज्य के नए सीएम के लिए सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान हो गया है। जिसके बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भाजपा और नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला है।
“मुख्यमंत्री बनाने के लिए केवल एक ही खानाबदोश मिला..” रोहिणी आचार्य ने भाजपा पर कसा तंज, नीतीश कुमार को बताया पल्टीबाजी का धुरंधर

बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है। मंगलवार को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है तो वहीं भाजपा और एनडीए विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसके बाद सम्राट चौधरी ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और एनडीए के सभी विधायकों का आभार जताया। वहीं सम्राट चौधरी के नाम का ऐलान होने के बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भाजपा और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला है।

रोहिणी आचार्य ने भाजपा पर कसा तंज

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए भाजपा पर कई तंज कसे और गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं रोहिणी ने बिहार में भाजपा के नेतृत्व पर भी सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मुख्यमंत्री बनाने के लिए सिर्फ एक ही खानाबदोश मिला। अपनी शुरुआत के 46 साल बाद भी राज्य में भाजपा में नेतृत्व की इतनी कमी और सूखा है कि पार्टी न तो अपने दम पर सरकार बना पाई है, न ही उसने कभी किसी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के लिए कोई चेहरा घोषित या पेश किया है। साथ ही न ही वह ऐसा कोई नेता तैयार कर पाई है जिसे जनता में बड़े पैमाने पर स्वीकार्यता और पहचान मिली हो।

रोहिणी आचार्य ने आगे कहा कि ​राज्य में भाजपा की राजनीतिक गरीबी का हाल कुछ ऐसा है कि कई वर्षो की मेहनत के बाद भी, जब भाजपा साजिश के जरिए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाने में कामयाब हो गई तो वह किसी ऐसे व्यक्ति (सम्राट चौधरी) को सीएम बनाने जा रही है जो न तो मूल रूप से नागपुर की नर्सरी से है और न ही बिहार भाजपा के बंजर बगीचे से है।

रोहिणी ने कहा, “एक घुमक्कड़ को- जो मेले-मेले घूमता रहा हो”, मुख्यमंत्री बनाना इस बात की ओर इशारा करता है कि बिहार में BJP का संगठन अंदर से कितना कमजोर और खाली हो चुका है। यह स्थिति साफ़ दर्शाती है कि पार्टी के पास मजबूत और सर्वस्वीकार्य नेतृत्व की कमी है। उन्होंने कहा कि BJP की मजबूरी की हद ये है कि उसे ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री चुनना पड़ा जिसके पिता ने पीएम मोदी को जिंदा जमीन में गाड़ने की बात कही थी, और जिसने खुद एक मंच से सबके सामने ऐलान किया था कि वो नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से धूल में मिला देगा– क्या ऐसा हो सकता है कि BJP, NDA वालों के साथ, इसी धमकी और गिद्ध जैसी धमकी से डर गई हो।

नीतीश कुमार के इस्तीफे पर रोहिणी आचार्य का हमला

रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर नीतीश कुमार की एक कार्टून वाली फोटो शेयर की है। जिसमें नीतीश कुमार मायूस चेहरे के साथ इस्तीफा सौंपते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं टेबल पर नाम की पट्टी रखी हुई है जिसमें लिखा है “नीतीश कुमार पल्टीबाजी के धुरंधर”।

इसके अलावा उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि आखिरकार वहीं हुआ, बात को घुमाने वाले मास्टर हमारे चाचाजी ने इस्तीफा दे दिया। वह खुद को राजनीतिक का खलीफा समझते थे लेकिन लाचारी में उन्होंने खुद राज्यपाल को अपनी राजनीतिक पारी के अंत का लिफाफा सौंप दिया है।

उन्होंने आगे कहा, कितनी अफसोस की बात है कि चाचाजी के दुख में उनके साथ कोई भ दिल से नहीं है। जो भी ऊपर से उनके साथ दिखता है, असल में वही अंकल जी के खिलाफ़ जानलेवा हमले की साजिश रच रहा है। इसके अलावा रोहिणी ने तंज कसते हुए कहा कि, झूठी शेखी बघारने वाले चाचाजी के उड़ने के ऊँचे सपने आंसुओं में डूब गए हैं। चाचाजी के पंख किसी और ने नहीं, बल्कि उनके अपने ही तथाकथित राजनीतिक बाजो ने कतर दिए।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews