Hindi News

इंदौर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात तस्कर के घर से बरामद हुआ अवैध शराब का जखीरा, लाखों में बताई जा रही कीमत

Reported by:Shakil Ansari|Edited by:Shyam Dwivedi
Published:
मध्य प्रदेश के इंदौर में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के कड़े निर्देशों के बाद विभाग ने यह कार्रवाई एक कुख्यात और आदतन अपराधी शराब तस्कर महेश उर्फ एन.डी. के निवास पर की है। जहां से लाखों रुपये की भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है।
इंदौर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात तस्कर के घर से बरामद हुआ अवैध शराब का जखीरा, लाखों में बताई जा रही कीमत

इंदौर: मध्य प्रदेश में राजस्व विभाग के पीठ पीछे अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। जो समाज में अपराध और अव्यवस्थाओं को भी बढ़ावा दे रहा है। इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए सरकार और आबकारी विभाग पूरी तरह तैयार हो गया है। अब विभाग की नजर हर उस ठिकाने पर बनी हुई है जहां से यह काला धंधा संचालित हो रहा है। इस बीच, आबकारी विभाग ने इंदौर में एक बड़ी कार्रवाई की है जिसके बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

बता दें कि कलेक्टर शिवम वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद आबकारी विभाग ने यह कार्रवाई जिले के एक कुख्यात और आदतन अपराधी शराब तस्कर महेश उर्फ एन.डी. के निवास पर की है, जो पहले भी कानून की गिरफ्त में आ चुका है और जिलाबदर की सजा भी काट चुका है। उसकी यह आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट करती है कि ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाना कितना आवश्यक है और सरकार ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं है।

सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के कुशल मार्गदर्शन और उनके अधीनस्थ कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल एवं फ्लाइंग स्क्वॉड प्रभारी कमलेश सोलंकी की सीधी निगरानी में, वृत्त सांवेर के अंतर्गत आने वाले ग्राम बड़ोदिया खान में महेश उर्फ एन.डी. के ठिकाने पर अचानक धावा बोला गया। आबकारी विभाग की टीम ने पूरी तैयारी और रणनीति के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया, ताकि तस्कर को भागने या सबूत मिटाने का कोई मौका न मिल सके।

आबकारी विभाग ने अवैध शराब का जखीरा किया जब्त

इस औचक निरीक्षण और प्रभावी कार्रवाई के दौरान, आबकारी विभाग की टीम ने महेश उर्फ एन.डी. के घर से भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा जब्त किया। टीम ने कुल 62 पेटी देसी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 558 बल्क लीटर आंकी गई है। इसके अलावा, अवैध रूप से भंडारित 35 पेटी विदेशी शराब स्प्रिट भी बरामद की गई, जो 315 बल्क लीटर थी। साथ ही, 4 पेटी विदेशी मदिरा बीयर भी हाथ लगी, जिसकी मात्रा 48 लीटर थी। इस प्रकार, आबकारी विभाग ने एक ही कार्रवाई में कुल 101 पेटी देशी और विदेशी शराब जब्त की, जिसकी कुल बल्क लीटर मात्रा 921 है। जब्त की गई इस शराब की बाजार कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है, जो अवैध कारोबारियों को हुए बड़े नुकसान को दर्शाती है।

कार्रवाई में आबकारी विभाग के कई अधिकारियों का रहा योगदान

इस बड़ी सफलता में आबकारी विभाग की टीम के कई अधिकारियों का विशेष योगदान रहा, जिनमें एडीईओ धर्मेंद्र जोशी, जहांगीर खान और उप निरीक्षक त्रियांबिका शर्मा, आशीष जैन एवं बी.डी. अहिरवार शामिल थे। उनकी सक्रियता, कर्तव्यनिष्ठा और सटीक सूचना पर आधारित कार्रवाई के कारण ही यह महत्वपूर्ण अभियान बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

आबकार विभाग का स्पष्ट संदेश

आबकारी विभाग ने इस कार्रवाई के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। विभाग द्वारा ऐसे अपराधियों के विरुद्ध आगे भी निरंतर अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि प्रदेश को अवैध शराब के जाल से पूरी तरह मुक्त किया जा सके और एक स्वस्थ एवं कानून-सम्मत समाज की स्थापना हो सके।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews