16 अप्रैल 2026 को भारतीय सराफा बाजार में फिर हलचल देखने को मिली है। सोने की कीमतों में तेजी आई है। खास करके पिछले 2 महीनों में मिडिल ईस्ट में पनपे तनाव के कारण सोने-चांदी की कीमतों को बड़ा प्रभावित किया है। वहीं इन दिनों कच्चे तेल की कीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे पहुंच गई है।
आज 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम का भाव 155,720 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, 22 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत 142,750 रुपये चल रही हैं। देश के बड़े महानगरों में भी सोने के दाम 1 लाख 55 हजार के आसपास बने हुए हैं। वहीं चांदी के दाम 2.70 से 2.80 लाख पर ट्रेंड कर रहे हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति में सुधार और शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव ने भी धातुओं की चाल तय की है। यदि आने वाले समय में डॉलर कमजोर रहता है और फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती या स्थिरता बनाए रखता है, तो कीमतों में तेजी जारी रहने के संकेत हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें भले ही $100 प्रति बैरल के नीचे बनी हुई हैं, लेकिन भू-राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। अमेरिका ने रूस और ईरान से तेल खरीद पर दी गई छूट को खत्म कर दिया है और इसे आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है। आने वाले दिनों में पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता का अगला दौर होने की संभावना है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस वार्ता में युद्ध विराम या शांति का कोई ठोस रास्ता निकलता है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिरता आ सकती है। चुंकी जैसे ही बाजार को तनाव बढ़ाने के संकेत मिलते हैं वैसे ही सोने चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिलती है लेकिन युद्ध विराम या शांति वार्ता के संकेत कीमतों में तेजी लाने का काम कर देते हैं। हालांकि अमेरिका-ईरान वार्ता की खबरों से बाजार में स्थिरता की उम्मीद जगी है।
भले ही वैश्विक कारणों से कीमतों में इजाफा हो रहा है लेकिन भारत में शादियों का सीजन शुरू होने से जेवरों की मांग बढ़ गई है। आगामी अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर भारी खरीदारी की संभावना है, जो घरेलू बाजार में सोने-चांदी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। ऐसे माहौल में निवेशक भी सोना-चांदी में निवेश का ऑप्शन चुनने का रुख कर सकते हैं। आने वाले दिनों में सोना और चांदी के दाम बढ़ेंगे या कम होंगे, यह पूरी तरह से ग्लोबल हालातों पर निर्भर करेगा लेकिन फिलहाल युद्ध या शांति वार्ता कीमतों की दिशा तय कर सकती है।






