राम मंदिर चंदा चोरी मामले में RJD का हमला, BJP-RSS पर लगाए गंभीर आरोप

राम मंदिर निर्माण में कथित चंदा चोरी के मामले पर राष्ट्रीय जनता दल ने संघ और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए हिंदुओं की भावनाओं के इस्तेमाल का जिक्र किया है। चलिए जानते हैं आरजेडी ने क्या कहा है?
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में RJD का हमला, BJP-RSS पर लगाए गंभीर आरोप

सदियों के संघर्ष और कई पीढ़ियों के सपनों के बाद अयोध्या में श्रीरामलला का भव्य मंदिर बन गया है, लेकिन अब इस पवित्र काम के साथ कथित चंदा चोरी के गंभीर आरोपों ने राजनीति में हलचल मचा दी है। दरअसल राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इस पूरे मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला बोला है। दरअसल पार्टी का कहना है कि हिंदू समाज की भावनाओं का गलत फायदा उठाया गया और उनकी मेहनत की कमाई हड़पने की कोशिश की गई। आरजेडी का कहना है कि ऐसे लोगों को ईश्वर जरूर सजा देंगे।

संघ और भाजपा पर बड़ा निशाना

दरअसल आरजेडी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दावा किया है कि पिछले करीब 35 वर्षों से संघ और भाजपा के कुछ लोगों ने राम मंदिर के नाम पर हिंदुओं से हजारों करोड़ रुपये का चंदा जुटाया। अब जब मंदिर का निर्माण सरकारी पैसे से हो रहा है, तब भी इन लोगों ने श्रद्धालुओं से सोना, चांदी, हीरे और नकद चंदा लेना बंद नहीं किया है। पार्टी ने इस पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए लिखा कि जब देश में हिंदू प्रधानमंत्री, हिंदू गृहमंत्री, हिंदू मुख्यमंत्री, हिंदू राज्यपाल, हिंदू रक्षा मंत्री, हिंदू सेनाध्यक्ष और दूसरे बड़े पदों पर हिंदू हैं, तब भी मंदिर में हजारों करोड़ रुपये की चंदा चोरी कैसे हो गई, यह बड़ा सवाल है।

जानिए आरजेडी ने क्या कहा?

वहीं पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े लोग मंदिर के ट्रस्टी हैं, संघ और विश्व हिंदू परिषद के लोग मंदिर की व्यवस्था संभाल रहे हैं और चारों तरफ भाजपा के लोग हैं। आरजेडी का कहना है कि इन लोगों ने मिलकर हिंदुओं की भावनाओं का गलत फायदा उठाया और उनकी मेहनत की कमाई चुरा ली। पार्टी का कहना है कि ऐसे लोगों को ईश्वर जरूर सजा देंगे, क्योंकि उनके लिए प्रभु श्रीराम का नाम सिर्फ कमाई का जरिया बन गया है।

आरजेडी ने यह सवाल भी उठाया कि प्रभु श्रीराम का नाम लेकर अपनी छवि बनाने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने हजारों करोड़ रुपये की इस कथित चंदा चोरी पर अब तक चुप्पी क्यों साध रखी है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोग यह कहते फिर रहे हैं कि चढ़ावा भगवान तक नहीं पहुंचता, इसलिए हम उसे खा लेते हैं। आरजेडी का कहना है कि ऐसे बयान उनकी नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews