‘ब्रेन डेड सीएम और फेल पीएम’ पर बवाल, सुधाकर सिंह के बयान को लेकर BJP‑JDU ने साधा निशाना

‘ब्रेन डेड सीएम और फेल पीएम’ पर बवाल, सुधाकर सिंह के बयान को लेकर BJP‑JDU ने साधा निशाना

बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही नेताओं के बीच जुबानी हमले तेज हो गए हैं। आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने बक्सर में रविवार (14 सितंबर) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ‘ब्रेन डेड’ हैं और पीएम मोदी ‘फेल’ हैं। इसके बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई। बीजेपी और जेडीयू ने सुधाकर सिंह के बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी, जबकि कांग्रेस ने भी उनके शब्दों पर असहमति जताई और कहा कि ऐसे शब्दों का प्रयोग सही नहीं है।


बीजेपी और जेडीयू ने किया पलटवार

जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि सुधाकर सिंह मानसिक रूप से असंतुलित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का काम पूरी जनता देख रही है और 2025 में फिर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि जो व्यक्ति बिहार का विकास कर रहा है उसे ब्रेन डेड कहना गलत है। उन्होंने कहा कि सुधाकर सिंह जिस पार्टी में हैं, वह पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी रही है। जनता ऐसे बयानों का जवाब चुनाव में देगी।


कांग्रेस और अन्य दलों की प्रतिक्रिया

कांग्रेस प्रवक्ता अशीत नाथ तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के लिए ‘ब्रेन डेड’ शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। हालांकि उन्होंने प्रधानमंत्री को फेल बताने वाली बात में कुछ हद तक सहमति जताई। वहीं, लोजपा (रामविलास) प्रवक्ता विनीत सिंह ने कहा कि सुधाकर सिंह मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार स्वस्थ हैं और बिहार का विकास कर रहे हैं, जबकि पीएम मोदी को पूरी दुनिया अपना नेता मानती है। उन्होंने आरजेडी नेताओं को अपनी पार्टी की हालत देखने की सलाह दी।


सुधाकर सिंह ने क्या कहा था?

सुधाकर सिंह ने बक्सर में कहा कि नीतीश कुमार ब्रेन डेड मुख्यमंत्री हैं और उन्हें जनता ही बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने कहा कि मंत्री लोगों के साथ अपमानजनक व्यवहार कर रहे हैं। वहीं, पीएम मोदी पर उन्होंने हमला करते हुए कहा कि वे महिलाओं को लेकर अपशब्द बोलते हैं और दुनिया में गाली देने के लिए बदनाम हैं। सुधाकर सिंह ने पीएम पर देश में अशांति फैलाने का आरोप भी लगाया। उनके बयान ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और इसे लेकर कई प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews