Hindi News

14 तारीख के बाद… तेजप्रताप यादव ने कहा – ‘किसी से दुश्मनी नहीं, सब देखिएगा आगे क्या होता है’

Written by:Saurabh Singh
Published:
Tej Pratap Yadav News: आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने कहा कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। 14 तारीख के बाद बाद फैसला करेंगे कि वो कहां जाएंगे।
14 तारीख के बाद… तेजप्रताप यादव ने कहा – ‘किसी से दुश्मनी नहीं, सब देखिएगा आगे क्या होता है’

जनशक्ति जनता दल पार्टी के प्रमुख और लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद ही वे अपना अगला राजनीतिक कदम तय करेंगे। तेजप्रताप बोले, “हम कहां जाएंगे, इसका फैसला 14 तारीख को नतीजे आने के बाद करेंगे।” साथ ही उन्होंने साफ कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।

तेजप्रताप यादव ने बताया कि फिलहाल वे महुआ जा रहे हैं और छठ के बाद पूरे बिहार का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि महुआ में उनका मुकाबला किसी से नहीं है क्योंकि जनता उनके साथ है। तेजप्रताप ने कहा, “बिहार में हत्या, पलायन और बेरोजगारी जैसे मुद्दे ही असली चुनावी मुद्दे होंगे। अखिलेश यादव आएं या कोई और, हम अपने आप में समर्थ हैं। हम अपने आप में स्टार प्रचारक हैं, हम खुद एक ब्रांड हैं।”

आरजेडी उम्मीदवार के नाम पर भड़के तेजप्रताप

जब मीडिया ने उनसे महुआ सीट से आरजेडी उम्मीदवार मुकेश रौशन का जिक्र किया, तो तेजप्रताप यादव नाराज हो गए। उन्होंने कहा, “ये कौन आदमी है? किसका नाम ले रहे हैं आप लोग? फालतू बात करते हैं।” तेजप्रताप का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इस पर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई।

‘अभी तो महाजंगलराज है’

तेजप्रताप यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जंगलराज’ वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “मोदी जी जंगलराज-जंगलराज कह रहे हैं, लेकिन अभी कौन सा मंगलराज है? अभी तो महाजंगलराज चल रहा है।” महागठबंधन द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाए जाने पर उन्होंने कहा, “उन्हें सीएम चेहरा बनाया गया है, उसमें हम क्या करें।”

बिहार में चुनावी जंग 14 नवंबर को तय होगी

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। इस बार मुकाबला एनडीए (बीजेपी-जेडीयू) और आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि 14 तारीख के बाद तेजप्रताप यादव कौन-सा सियासी फैसला लेते हैं।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews