
दरभंगा में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार (29 अगस्त 2025) को एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने मौलवियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मस्जिद का उपयोग राजनीति के लिए नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा होता रहा तो मंदिरों से भी राजनीति होगी। बहेड़ी प्रखंड के रामशरण लक्ष्मीनारायण महाविद्यालय, निमैठी में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मस्जिद का काम सही सरकार और अच्छे कार्यों का समर्थन करना है, न कि राजनीतिक गतिविधियों का मंच बनना।
मोदी सरकार की योजनाओं का जिक्र
गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाएं बिना भेदभाव हर समुदाय तक पहुंची हैं। उन्होंने एक मौलवी के साथ हुई बातचीत का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उनसे पूछा गया कि क्या आपके गांव में शौचालय, आवास, बिजली, उज्ज्वला योजना जैसी सुविधाएं पहुंची हैं? मौलवी ने हां में जवाब दिया। लेकिन जब पूछा गया कि खुदा का नाम लेकर बताइए, क्या नरेंद्र मोदी को वोट दिया? तो जवाब मिला – नहीं।
वोट न देना अन्याय: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब सरकार ने कभी किसी से भेदभाव नहीं किया और सभी को योजनाओं का लाभ दिया, तो केवल लाभ लेना और वोट न देना अन्याय है। उन्होंने कहा कि देशहित में सच को स्वीकार करना चाहिए और अच्छे कार्यों का समर्थन ही असली धर्म है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास के आधार पर सरकार का समर्थन करें, न कि जाति और धर्म के आधार पर।
दरभंगा की सभी सीटों पर जीत का दावा
कार्यकर्ता सम्मेलन में गिरिराज सिंह ने दावा किया कि दरभंगा की सभी 10 विधानसभा सीटों पर एनडीए को जीत मिलेगी। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग ‘ठगनी बुढ़िया’ की तरह बिहार घूम रहे हैं, उनसे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इस मौके पर बिहार सरकार की मंत्री रेणु देवी, बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी और एनडीए गठबंधन के कई अन्य नेता मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
