Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान को गति देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दरभंगा और मुजफ्फरपुर में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने NDA के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर जमकर निशाना साधा। योगी ने विपक्षी गठबंधन को ‘इंडी गठबंधन के तीन बंदर’ की संज्ञा दी और उनके शासनकाल को हिंसा, अपहरण और नरसंहार का दौर बताया।

दरभंगा के केवटी में भाजपा प्रत्याशी मुरारी मोहन झा और मुजफ्फरपुर में एनडीए प्रत्याशी रंजन कुमार के समर्थन में आयोजित रैलियों में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि RJD और कांग्रेस की जोड़ी ने बिहार को अराजकता की आग में झोंक दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इनके राज में राज्य की पहचान अपराध और भ्रष्टाचार से होती थी।

‘अपराध, अपहरण और अराजकता का दौर’

योगी आदित्यनाथ ने 1992 से 2005 के बीच के RJD शासन को याद दिलाते हुए कहा, “यह वह दौर था जब बिहार में 60 से अधिक जातीय नरसंहार और 30 हजार से ज्यादा अपहरण हुए थे। कोई व्यापारी, डॉक्टर या उद्यमी सुरक्षित नहीं था। शाम छह बजे के बाद कर्फ्यू जैसा माहौल हो जाता था।”

“खानदानी लुटेरों ने खानदानी माफियाओं को जन्म दिया और आज वही लोग फिर से बिहार को उसी अंधेरे में ले जाना चाहते हैं। RJD शासन में बूथ चोरी, पुल चोरी और रोड चोरी ही उनका विकास मॉडल था।” — योगी आदित्यनाथ

उन्होंने चारा घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गरीबों को राशन नहीं मिलता था, लेकिन 900 करोड़ का चारा घोटाला कर दिया गया। योगी ने आरोप लगाया कि तब कोई भी आईएएस या आईपीएस अधिकारी बिहार में काम करने को तैयार नहीं था क्योंकि शासन-प्रशासन मजाक बन चुका था।

इंडी गठबंधन पर ‘तीन बंदर’ वाला तंज

योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा, “गांधी जी के तीन बंदर थे जो बुरा न देखने, न सुनने और न बोलने का संदेश देते थे। लेकिन आज इंडी गठबंधन के तीन बंदर हैं- पप्पू, टप्पू और अप्पू। पप्पू सच बोल नहीं सकता, टप्पू अच्छा देख नहीं सकता और अप्पू सच सुन नहीं सकता।” उन्होंने कहा कि इन नेताओं को न प्रधानमंत्री मोदी का विकास दिखता है और न ही देश की प्रगति महसूस होती है। योगी के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा है कि योगी ने  पप्पू, टप्पू और अप्पू कहकर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

NDA मतलब विकास, विरासत और विश्वास

मुख्यमंत्री योगी ने एनडीए सरकार के कामों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार एक स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “जैसे अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना, वैसे ही सीतामढ़ी में मां जानकी का मंदिर भी डबल इंजन की सरकार बना रही है।”

उन्होंने राम-जानकी मार्ग, दरभंगा में एयरपोर्ट, मखाना बोर्ड और लाख चूड़ी उद्योग को मिली नई पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए का मतलब विकास, विरासत और विश्वास है। योगी ने कहा कि मोदी सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर मिथिला समेत देश के हर व्यक्ति को सम्मान दिया है। उन्होंने जनता से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, “बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।”