Hindi News

अमित शाह ने राजस्थान CM भजनलाल शर्मा पर दिया ‘सबसे बड़ा संदेश’, सारी कयासबाजियों को किया खारिज! 

Written by:Deepak Kumar
Published:
अमित शाह ने जयपुर में सहकारिता सम्मेलन के दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों और राजस्थान सरकार के कामों की तारीफ की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और सहकारिता की सफलता का जिक्र करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा को पूरा समर्थन जताया। भाषण में सख्त राजनीतिक संकेत भी देखने को मिले।
अमित शाह ने राजस्थान CM भजनलाल शर्मा पर दिया ‘सबसे बड़ा संदेश’, सारी कयासबाजियों को किया खारिज! 

गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार, 17 जुलाई को जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सहकारिता विभाग के एक बड़े कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता, देश की सुरक्षा व्यवस्था और राजस्थान सरकार के कार्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में देश आज पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित है।

ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद पर सख्त रुख

अपने 16 मिनट के संबोधन में शाह ने कई बार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना की और साथ ही आतंकवाद पर मोदी सरकार की नीति का ज़िक्र किया। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” का हवाला देते हुए कहा कि भारत अब आतंकवाद को घर में घुसकर जवाब देता है। उरी, पुलवामा और अब पहलगाम में हुए हमलों के बाद हमारी सेनाओं ने आतंकियों के अड्डों को तबाह किया है।

राजस्थान में सहकारिता की उपलब्धियां

शाह ने सहकारिता की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि भारत में 30 करोड़ लोग सहकारी संस्थाओं से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान में सहकारिता के जरिए ऊंटों की नस्ल और दूध पर रिसर्च हो रही है, जिससे राज्य को नई दिशा मिल रही है।

केंद्र और राज्य की योजनाएं

गृह मंत्री ने बताया कि राजस्थान में 73% गेहूं और 82% चना एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। एलपीजी सिलेंडर 450 रुपए में मिल रहा है और जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंच रहा है। उन्होंने भजनलाल सरकार की पेपर लीक माफियाओं पर कार्रवाई की भी सराहना की।

भजनलाल शर्मा की तारीफ और संदेश

अमित शाह ने अपने भाषण में आठ बार सीएम भजनलाल शर्मा का नाम लेकर उनके काम की तारीफ की। इससे यह संदेश भी गया कि पार्टी में उन्हें पूरा समर्थन प्राप्त है और उनके नेतृत्व को लेकर चल रही अटकलों को विराम दिया गया है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की भी सराहना करते हुए पार्टी में संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।