Hindi News

विजय मेवाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी आसिफ के साथ पुलिस की मुठभेड़, अस्पताल में कराया भर्ती

Reported by:Jitendra Yadav|Edited by:Atul Saxena
Last Updated:
हत्याकांड में शामिल इमरान और फरमान को अशोका गार्डन पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, दोनों आदतन अपराधी हैं। आसिफ फरार था जिसे अब पकड लिया गया है
विजय मेवाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी आसिफ के साथ पुलिस की मुठभेड़, अस्पताल में कराया भर्ती

Vijay Mewara murder case

भोपाल के सनसनीखेज विजय मेवाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ़ बम को अशोका गार्डन पुलिस ने एक मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है, घटना के बाद से फरार आसिफ की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी, आज उसके रातीबड़ क्षेत्र में होने की जानकारी लगी तो पुलिस ने उसकी घेराबंदी की लेकिन आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की जो आरोपी के पैर में लगी और वो घायल हो गया जिसे अस्पताल में  भर्ती कराया गया है।

भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में पिछले दिनों रविवार की देर रात मामूली विवाद में हुई दुकानदार विजय मेवाड़ा की हत्या के मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ़ बम को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, हत्याकांड के दो आरोपियों इमरान और फरमान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है लेकिन मुख्य आरोपी के गिरफ्त में नहीं आने से माहौल गरमाया हुआ था हिंदूवादी संगठनों ने इसे लेकर पुलिस थाने का घेराव भी किया था। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे वहीं कैबिनेट मंत्री विश्वस सारंग ने भी विजय के परिवार से मिलकर उन्हें भरोसा दिलाया था कि आरोपियों को छोड़ा नहीं जायेगा उन्होंने तो फांसी दिए जाने की भी मांग की है।

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हत्याकांड के बाद से पुलिस फरार मुख्य आरोपी आसिफ की तलाश कर रही थी, इसके लिए मजबूत मुखबिर तंत्र विकसित किया गया था और आज पुलिस को आरोपी के रातीबड़ क्षेत्र में  होने की जन्कनरी मिली, पुलिस ने जब उसकी घेराबंदी की और समर्पण के लिए ललकारा तो उसने पुलिस पर ही गोली चला दी, जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई जो आरोपी के पैर में लगी जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया है।

मामूली विवाद में दुकानदार की हत्या 

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी आसिफ पुराना बदमाश है उसका आपराधिक रिकॉर्ड है जिसे निकाला जा रहा है उससे हथियार भी बरामद हुआ है उसकी भी पड़ताल की जा रही है कि ये उसने कहाँ से लिया, अन्य दो आरोपियों के भी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड हैं उनसे भी कड़ी पूछताछ की जा रही है। बता दें रविवार देर रात जब विजय मेवाड़ा उसके कोलार स्थित रेस्टोरेंट में  काम करने वाले कृष्णा नामक छोड़ने जा रहा था। तब करीब डेढ़ बजे रास्ते में कृष्णा के परिचित बदमाश इमरान ने उसे आवाज देकर रोका और विजय से कहा कि कृष्णा को उतार दें, लेकिन विजय ने मना कर दिया।

आसिफ ने विजय पर किया था चाकू से हमला

विजय के मना करने के बाद दोनों में विवाद होने लगा इस बीच इमरान के दोस्त फरमान और आसिफ ‘बम’ भी कूद पड़े। झूमाझटकी के बीच आसिफ ने विजय पर चाकू से हमला कर दिया। विजय लड़खड़ाकर गिरने लगा, इमरान फर्शी उठाकर उसके सिर पर मारने वाला था कि उसकी भाभी ने खींच लिया। विजय के दोस्त उसे वेदांता अस्पताल ले गए, जहां से हमीदिया रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अशोका गार्डन पुलिस ने इमरान और फरमान को गिरफ्तार कर लिया, दोनों आदतन अपराधी हैं, और आज फरार मुख्य आरोपी आसिफ को भी गिरफ्तार कर लिया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews