अक्षय तृतीया से पहले शादियों के सीजन में भारतीय सराफा बाजार में बड़ी हलचल देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार, अमेरिकी डॉलर की स्थिति, वैश्विक मांग और भू-राजनीतिक तनाव के बीच 15 अप्रैल 2026 को सोने-चांदी की कीमतों में फिर उछाल आया है। 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम का भाव 155,500 रुपये पर पहुंच गया है। वहीं, 22 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत 142,550 रुपये दर्ज की गई है।
तेजी के बाद चांदी के दाम भी 2 लाख 70 हजार पर ट्रेंड कर रहे हैं। 14 अप्रैल 2026 को डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर जयंती के अवसर पर सराफा बाजार बंद रहा। माना जा रहा है कि अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता के विफल होने की खबरों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता पैदा कर दी है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के साथ डॉलर के मुकाबले रुपए की मजबूती ने भी दामों को प्रभावित किया है।
वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता, मुद्रास्फीति की आशंकाओं और अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से सोने की कीमतों में तेजी आई है। वहीं कच्चे तेल की कीमत पिछले तीन सप्ताह के निचले स्तर यानि लगभग 90 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच चुकी है। विशेषज्ञों की मानें तो डॉलर के मजबूत होने का सीधा असर सोने के भाव पर पड़ता है, जिससे बाजार में सोने के भाव में गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन कमजोर होने पर कीमतों में तेजी देखी जाती है। इस बढ़ोतरी ने उन लोगों की खास करके चिंता बढ़ा दी है, जो शादी या निवेश के लिए सोना खरीदने की योजना बना रहे थे। खास करके मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए तो अब सोने के आभूषण खरीदना एक बड़ी चुनौती बन गया है लेकिन बावजूद इसके अब भी निवेशक सोने में निवेश को भविष्य के लिए एक सुरक्षित और शानदार विकल्प मान रहे हैं।
एक्सपर्ट की मानें तो शादियों के सीजन, स्थानीय त्यौहार और अक्षय तृतीया के शुभ अवसर के चलते अप्रैल महीने के तीसरे हफ्ते में घरेलू बाजार में सोने और चांदी की मांग में इजाफा देखने को मिल सकता है। चर्चा तो यह भी है कि इस हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बातचीत का दौर शुरू हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो अंतरराष्ट्रीय गलियारों में फिर हलचल तेज होने की उम्मीद है, जिसका असर डॉलर, रुपए और सोने की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
भारत में सोने-चांदी के मानक भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी किए जाते हैं हालांकि इसमें जीएसटी, टीसीएस और मेकिंग चार्ज जैसे अन्य शुल्क शामिल नहीं होते। 24 कैरेट सोना सबसे शुद्ध माना जाता है जिसमें कोई अन्य धातु नहीं मिली होती। 18, 20 और 22 कैरेट में अन्य धातुओं का इस्तेमाल किया जाता है।खरीदारी करते समय यह सुनिश्चित करें कि आप जितने कैरेट का पैसा दे रहे हैं, गहने पर वही अंक या हॉलमार्क दर्ज हो।






