अंतरराष्ट्रीय बाजार, शेयर बाजार में मचे उथल-पुथल और अमेरिकी डॉलर मजबूती के बीच 22 अप्रैल 2026 को भारतीय सराफा बाजार में हलचल देखने को मिली है। सोने की कीमतों में फिर गिरावट आई है। चांदी की कीमतों में ज्यादा परिवर्तन नहीं आया है। बुधवार को 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम का भाव 154,900 और 22 कैरेट की कीमत 142,000 रुपये दर्ज की गई। हालांकि चांदी के दाम 2,65,000 रिकॉर्ड किए गए। हालांकि, अलग-अलग शहरों में टैक्स और मेकिंग चार्जेस की वजह से कीमत में अंतर देखने को मिल सकता है।
खास करके अंतरराष्ट्रीय बाजार, वैश्विक तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति के ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने के ऐलान ने कीमतों को प्रभावित किया है। हालांकि दोनों देशों के बीच तनाव अब भी बरकरार है क्योंकि तेहरान ने बातचीत में शामिल होने का कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। अंतरराष्ट्रीय मार्केट की बात करें तो स्पॉट सिल्वर की कीमत 1.29% गिरकर 78.69 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई है और सोना करीब 1% गिरकर 4,776.85 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
क्रूड के बढ़ते दामों का असर आज शेयर मार्केट में भी देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब बनी हुई हैं, जिससे महंगाई का खतरा बढ़ गया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत आगे बढ़ेगी या संघर्ष विराम की अवधि में विस्तार किया जाएगा या कोई शांति समझौता होगा, क्योंकि इससे ही सोने की कीमतों की दिशा तय होगी। फिलहाल जब तक युद्ध जैसी स्थिति बनी रहेगी, कीमतों में बड़ा सुधार मुश्किल है, बाजार में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हालांकि तनाव और सीजफायर की अनिश्चित स्थिति के बावजूद निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश के रुप में देख रहे हैं।
इसके अलावा भारत में शादियों का सीजन होने के कारण घरेलू मांग भी बढ़ी हुई है, जो कीमतों को एक निश्चित स्तर से नीचे गिरने नहीं दे रही है। हालांकि पिछले दस सालों की कीमतों पर नजर डाले तो साल दर साल कीमतें बढ़ ही रही हैं, अगर आगे भी यही ट्रेंड जारी रहता है, तो आने वाले समय में आम आदमी के लिए सोना खरीदना और भी मुश्किल हो जाएगा। यह केवल एक अनुमान है, वास्तविक कीमत उस समय की आर्थिक स्थिति, महंगाई और ग्लोबल मार्केट के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करेगी। इसका असर आम जनता की जेब पर पड़ सकता है।
भारत में सोने-चांदी के मानक भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी किए जाते हैं। शनिवार, रविवार और केंद्र सरकार द्वारा घोषित छुट्टियों के दिन नए रेट जारी नहीं होते हैं। IBJA के रेट में GST और मेकिंग चार्ज शामिल नहीं होते। इसलिए, अलग-अलग शहरों और शोरूम्स में अंतिम दाम अलग हो सकते हैं। सटीक जानकारी के लिए अपने नजदीकी जौहरी से संपर्क करें। सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क और HUID कोड की जांच अवश्य करें। यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है इसे निवेश की सलाह ना मानें। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार या बाजार विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।






