आईआईटी कानपुर ने 25 मई रविवार को जेईई एडवांस्ड परीक्षा की प्रोविजनल आन्सर-की जारी कर दी है। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर jeeadv.ac.in पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। इसी के साथ ऑब्जेक्शन विंडो भी खुल चुका है। चुनौती दर्ज करने का मौका अभ्यर्थियों को दिया जाएगा। यह सुविधा 27 मई 2025 तक ही उपलब्ध रहेगी।
अनंतिम उत्तर कुंजी (JEE Advanced 2025 Answer Key) का विशेष महत्व होता है। इसकी मदद से छात्र परीक्षा में प्राप्त होने वाले संभावित अंकों का आकलन कर सकते हैं। यदि किसी उम्मीदवार को इसमें गड़बड़ी दिखती है तो वे कैंडीडेट पोर्टल पर जाकर चुनौती दर्ज कर सकते हैं। आपत्तियों की समीक्षा विशेषज्ञों द्वारा की जाती है। जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव भी होता है। इसके बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी की जाएगी, जिसमें कोई बदलाव नहीं होगा। परिणाम भी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर तैयार होंगे।
कब जारी होगा रिजल्ट?
आईआईटी कानपुर ने जेईई एडवांस्ड रिजल्ट के लिए तारीख भी घोषित कर दी है। आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक फाइनल आंसर-की और परिणाम 2 जून सोमवार को जारी होगा। इसके बाद JoSAA काउन्सलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। कैंडीडेट्स को उनके स्कोर के आधार पर कॉलेज और कोर्स आवंटित किया जाएगा।
परीक्षा के 6 दिन बाद ही उत्तर कुंजी उपलब्ध
बता दें जेईई एडवांस्ड परीक्षा का आयोजन 18 मई को देशभर के विभिन्न शहरों में दो शिफ्टों में हुआ था। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली थी। वहीं दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक जारी थी। इसमें जेईई मेंस में टॉप 2.5 लाख रैंक हासिल करने वाले छात्रों को शामिल होने की अनुमति थी। उत्तर कुंजी 26 मई को उपलब्ध होने वाली थी, लेकिन आईआईटी कानपुर ने एक दिन पहले ही इसे पब्लिश कर दिया है।
उत्तर कुंजी डाउनलोड कैसे करें?
- उम्मीदवार सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर महत्वपूर्ण घोषणाओं के सेक्शन में जाकर “जेईई एडवांस्ड आंसर-की पेपर-1 या पेपर-2” के लिंक पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर उत्तर कुंजी का पीडीएफ़ खुलेगा। आंसर के नीचे सही उत्तर की जानकारी होगी।
- इसे अच्छे से चेक करें। भविष्य के संदर्भ में आंसर-की को डाउनलोड करें, जरूरत पड़े तो इसका प्रिन्ट आउट निकाल कर भी रख सकते हैं।
- आपत्ति दर्ज करने के लिए होमपेज पर दिए गए कैंडीडेट पोर्टल पर जाएं। रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्मतिथि और फोन नंबर दर्ज करके लॉग इन करें।
- प्रश्न को चुनें। जरूरी दस्तावेजों को अपलोड करें। शुल्क का भुगतान करें और आपत्ति जमा करें।





